भारत की बड़ी विदेशी मुद्रा बढ़त: FCNR (B) डिपॉजिट ने 45 दिनों में तोड़ा 2013 का रिकॉर्ड

Follow Us

नई दिल्ली। भारत में विदेशी मुद्रा प्रवाह को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की विशेष योजना के तहत FCNR (B) डिपॉजिट में तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई है। एसबीआई रिसर्च की रिपोर्ट के मुताबिक, महज 45 दिनों में यह जमा राशि 2013 के 26 अरब डॉलर के स्तर को पार कर गई है। रिपोर्ट के अनुसार, 17 जुलाई तक करीब 20 अरब डॉलर का पूंजी प्रवाह दर्ज किया गया, जिसमें 17.4 अरब डॉलर का योगदान FCNR (B) डिपॉजिट से आया। एसबीआई का अनुमान है कि 30 सितंबर तक यह आंकड़ा 65-70 अरब डॉलर तक पहुंच सकता है।

सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक इस अभियान में सबसे आगे हैं और विदेशी ग्राहकों के भरोसेमंद नेटवर्क के जरिए बड़ी मात्रा में विदेशी पूंजी आकर्षित कर रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि अगस्त और सितंबर में मैच्योर होने वाली कई जमाएं बेहतर ब्याज दरों के कारण दोबारा निवेश की जा सकती हैं। हालांकि, मजबूत विदेशी पूंजी प्रवाह के बावजूद रुपये की कमजोरी बाजार के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। एसबीआई रिपोर्ट ने कहा कि रुपये की भूमिका एक समय बाहरी झटकों को संभालने वाले “शॉक एब्जॉर्बर” की थी, जिसे फिर मजबूत करने की जरूरत है।