पीएम मोदी का विरोध करते-करते देश का विरोध करने लगे राहुल गांधी – अनुराग ठाकुर

Follow Us

नई दिल्ली। भारतीय अर्थव्यवस्था को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की टिप्पणियों पर भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने जुबानी हमला किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का हाल उस बच्चे जैसा है, जो मेले में मनपसंद खिलौना नहीं मिलने पर रोने लगता है और अनाप-शनाप बोलने लगता है। सत्ता नहीं मिलने पर राहुल गांधी ने सस्ता रास्ता अपना लिया है। वे सट्टे के माध्यम से सत्ता हासिल करना चाहते हैं और इसके लिए भारत के लोगों का विश्वास, देश की अस्मिता और विकास दांव पर लगे हुए हैं। ठाकुर ने कहा कि सट्टे से सत्ता नहीं मिलती, बल्कि सेवा से मिलती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तप, तपस्या और त्याग के माध्यम से सत्ता में आए और लोगों की सेवा कर रहे हैं।

दिल्ली में मीडिया से बातचीत के दौरान अनुराग ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी दुनियाभर के देशों में जाकर भारत की अर्थव्यवस्था की आलोचना करते हैं और देश को लेकर भला-बुरा बोलते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि राहुल गांधी ऐसी बातें क्यों कहते हैं, जिन्हें भारत-विरोधी ताकतें और विशेष रूप से पाकिस्तान सुनना पसंद करते हैं। पाकिस्तान में बैठे राहुल गांधी के दोस्त उनकी बातों से खुश हो सकते हैं, लेकिन भारतवासी ऐसी टिप्पणियों से खुश नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी का विरोध करते-करते राहुल गांधी भारत का विरोध करने लगे हैं और देश की अस्मिता तथा भारतीयों के विश्वास पर प्रहार कर रहे हैं।

भाजपा सांसद ने अर्थव्यवस्था के आंकड़े पेश करते हुए कहा कि भारत की विकास दर 7.1 प्रतिशत है। अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ), विश्व बैंक, मूडीज और एसएंडपी ग्लोबल जैसी संस्थाओं ने भारत की विकास दर सात प्रतिशत से अधिक रहने की बात कही है। ठाकुर ने सवाल किया कि क्या राहुल गांधी को ये आंकड़े दिखाई नहीं देते। उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से भारत की कम ब्याज दरों और मजबूत आर्थिक विकास की तारीफ का भी उल्लेख किया। ठाकुर ने कहा कि ट्रंप ने भी कहा है कि भारत की ब्याज दर कम है, लेकिन उसकी अर्थव्यवस्था तेजी से आगे बढ़ रही है।

अनुराग ठाकुर ने दिवाली के दौरान जीएसटी संग्रह और कारोबार का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि दिवाली पर रिकॉर्ड दो लाख 30 हजार करोड़ रुपए का जीएसटी संग्रह हुआ और अक्टूबर महीने में त्योहार के दौरान सात लाख करोड़ रुपए का कारोबार दर्ज किया गया। जापान की क्रेडिट रेटिंग एजेंसी ने 1988 के बाद पहली बार भारत को ट्रिपल ए रेटिंग दी है। वहीं, एसएंडपी ग्लोबल ने भारत की रेटिंग ट्रिपल बी माइनस से बढ़ाकर ट्रिपल बी कर दी है। ये आंकड़े भारतीय अर्थव्यवस्था की स्थिति को दर्शाते हैं।

भाजपा सांसद ने परचेजिंग पावर पैरिटी यानी पीपीपी के आधार पर भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बताया। उन्होंने कहा कि सितंबर तक देश का विदेशी मुद्रा भंडार 785 अरब अमेरिकी डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया था। ठाकुर ने बेरोजगारी के आंकड़ों का हवाला देते हुए दावा किया कि बेरोजगारी दर 4.9 प्रतिशत है, जो पिछले आठ महीनों में सबसे कम है। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी दर पांच प्रतिशत है, जबकि ग्रामीण महिलाओं में यह 3.8 प्रतिशत और शहरी क्षेत्रों में 8.7 प्रतिशत दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि शहरी बेरोजगारी दर पिछले पांच महीनों में सबसे कम है।

जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत को सहेजकर नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी :- मंत्री केदार कश्यप

रोजगार के संबंध में अनुराग ठाकुर ने कहा कि 2024 और 2025 के दौरान 2.60 करोड़ लोग नेट फॉर्मल वर्कफोर्स में जुड़े हैं। औपचारिक और अनौपचारिक दोनों क्षेत्रों में रोजगार बढ़ा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि बेरोजगार राहुल गांधी हैं, देश में रोजगार मिल रहा है। रोजगार और अर्थव्यवस्था से जुड़े आंकड़े बताते हैं कि दुनिया भारत की ओर उम्मीद से देख रही है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को भी महत्व दे रही है।

यूपीए सरकार के दस वर्षों के कार्यकाल पर निशाना साधते हुए ठाकुर ने कहा कि उस समय भारतीय अर्थव्यवस्था दुनिया की कमजोर अर्थव्यवस्थाओं में गिनी जाती थी और भारत को फ्रैजाइल फाइव में शामिल किया गया था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश की स्थिति बदली और भारत दुनिया की शीर्ष पांच अर्थव्यवस्थाओं में पहुंचा। भाजपा सांसद ने यूपीए के दस साल के कार्यकाल को ‘लॉस्ट डिकेड’ और मोदी सरकार के समय को ‘गोल्डन डिकेड’ बताया।

उन्होंने कहा कि पहले देश की अर्थव्यवस्था लड़खड़ाती हुई स्थिति में थी, लेकिन अब आर्थिक नीतियों के कारण उसे मजबूती मिली है।
बैंकों की स्थिति का जिक्र करते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि यूपीए सरकार के समय 12 में से 11 सरकारी बैंक पीसीए फ्रेमवर्क में थे और बंद होने की कगार पर पहुंच गए थे। अब सभी 12 सरकारी बैंक रिकॉर्ड मुनाफा कमा रहे हैं। उन्होंने सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (पीएसयू) का भी उल्लेख किया और कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने लोगों से पीएसयू में निवेश करने की अपील की थी।

आज इनकी मार्केट कैपिटलाइजेशन 27 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो चुकी है और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम रिकॉर्ड मुनाफा कमा रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्पेस सेक्टर, विज्ञान, सूचना प्रौद्योगिकी और स्टार्टअप के क्षेत्र में भी भारत आगे बढ़ रहा है। देश में 2 लाख 26 हजार से अधिक पंजीकृत स्टार्टअप और 131 यूनिकॉर्न हैं। उन्होंने भारत को दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बताया और इसका श्रेय भारतीय युवाओं तथा मोदी सरकार की नीतियों को दिया।

जिला अस्पताल बीजापुर में पुलिस सहायता केन्द्र का शुभारंभ

तेलंगाना के मुख्यमंत्री के 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र और 30 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के बयान पर भी अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी से सवाल किया। उन्होंने कहा कि यदि तेलंगाना के मुख्यमंत्री के ये आंकड़े सही हैं और उन्हें भारत की अर्थव्यवस्था पर भरोसा है, तो राहुल गांधी को बताना चाहिए कि क्या उन्हें मुख्यमंत्री के बयान पर विश्वास है और क्या वे इससे सहमत हैं।