बंगाल की खाड़ी में सक्रिय लो प्रेशर का असर: छत्तीसगढ़ में अगले 3 दिन तेज बारिश के आसार, कई जिलों में ऑरेंज और यलो अलर्ट

Follow Us

रायपुर। बंगाल की खाड़ी में बने सक्रिय निम्न दबाव क्षेत्र (लो प्रेशर सिस्टम) का प्रभाव अब छत्तीसगढ़ में साफ दिखाई देने लगा है। मानसून के ब्रेक के समाप्त होने के बाद प्रदेशभर में बारिश की गतिविधियां तेज हो गई हैं। राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में शुक्रवार सुबह से बादल छाए रहे और हल्की बारिश दर्ज की गई, जिससे मौसम सुहावना बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों तक प्रदेश में वर्षा की गतिविधियों में और बढ़ोतरी होने की संभावना है। कई स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश हो सकती है, जबकि कुछ इलाकों में तेज हवाओं और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है।

बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अनेक हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक वर्षा शंकरगढ़ और कुसमी में 9-9 सेंटीमीटर रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा चांदो में 8 सेंटीमीटर, पटना में 6 सेंटीमीटर तथा समरी में 5 सेंटीमीटर बारिश हुई। बलरामपुर, दौरा कोचली, बोराई, बिहारपुर, कोटा, रामानुजनगर, मरवाही, चलगली और अंबिकापुर सहित कई क्षेत्रों में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई। तापमान की बात करें तो दुर्ग में अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पेंड्रा रोड और अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस रहा। रायपुर में शुक्रवार को अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे उत्तरी ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट पर एक सुचिह्नित निम्न दबाव क्षेत्र सक्रिय है। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से लगभग 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है। यह सिस्टम अगले दो दिनों में उत्तर ओडिशा और पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाकों से होते हुए उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ सकता है, जिसका असर छत्तीसगढ़ में बारिश के रूप में देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए रायपुर, राजनांदगांव, धमतरी, बालोद, महासमुंद, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम और मुंगेली समेत कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गरज-चमक के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है।

इसके अलावा सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, गरियाबंद, रायगढ़, जशपुर, सुरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर सहित कई जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और बिजली चमकने के समय खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी है।