नई दिल्ली। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने आखिरकार NEET UG 2026 का परिणाम जारी कर दिया है। पेपर लीक विवाद और परीक्षा रद्द होने के बाद दोबारा आयोजित हुई परीक्षा का रिजल्ट गुरुवार देर रात घोषित किया गया। इस वर्ष 11.21 लाख उम्मीदवार मेडिकल प्रवेश परीक्षा में सफल हुए हैं। इस बार पंजाब के आर्यन गुप्ता और हरियाणा के पांशुल बंसल ने संयुक्त रूप से ऑल इंडिया टॉप किया। दोनों ने 720 में से 715 अंक हासिल किए। खास बात यह रही कि वर्ष 2020 और 2021 के बाद पहली बार कोई भी अभ्यर्थी 720 का पूर्ण स्कोर नहीं ला सका। उम्मीदवार अपना स्कोरकार्ड neet.nta.nic.in पर जाकर देख सकते हैं।
पेपर लीक की वजह से 3 मई को आयोजित परीक्षा रद्द कर दी गई थी। इसके बाद NTA ने 21 जून को दोबारा परीक्षा आयोजित की। री-नीट में भारत और विदेश के लगभग 20 लाख अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। परीक्षा देश के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में स्थित 5,440 परीक्षा केंद्रों पर 13 भाषाओं में आयोजित की गई। NTA के अनुसार, इस वर्ष सफल उम्मीदवारों में 58 प्रतिशत से अधिक छात्राएं शामिल हैं। छात्राओं की सफलता दर 56.8 प्रतिशत, जबकि छात्रों की सफलता दर 55.1 प्रतिशत रही। परीक्षा में 19 उम्मीदवारों ने 700 से अधिक अंक प्राप्त किए, जबकि 138 अभ्यर्थियों ने 690 से ज्यादा अंक हासिल किए। इनमें से 93 प्रतिशत से अधिक उम्मीदवार पहली बार NEET परीक्षा में शामिल हुए थे।
705 या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले टॉप अभ्यर्थी पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार, तमिलनाडु और तेलंगाना समेत आठ राज्यों से हैं। पूर्वोत्तर के सभी राज्यों से स्टेट टॉपर सामने आए हैं, जबकि लक्षद्वीप से 43 उम्मीदवार सफल हुए।
श्रेणीवार सफल उम्मीदवार
सामान्य वर्ग: 2.91 लाख
OBC-NCL: 5.12 लाख
SC: 1.59 लाख
ST: 63,716
EWS: 95,026
PwBD: 3,666
NTA के मुताबिक, देश के सभी 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से उम्मीदवारों ने परीक्षा में सफलता हासिल की है। उत्तर प्रदेश से सबसे अधिक 1.7 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी क्वालिफाई हुए, जबकि लक्षद्वीप से 43 उम्मीदवार सफल रहे। राज्यवार टॉपर्स में लद्दाख की जिग्मेट यांगचेन लामो, अंडमान-निकोबार के ध्रुव त्रिपाठी और लक्षद्वीप की फहमीदा अनीस भी शामिल हैं।
