“तुम बेईमान हो या बेवकूफ- सबूत मांगने पर एंकर पर भड़के डोनाल्ड ट्रंप, बीच में ही माइक उतारकर छोड़ा इंटरव्यू

Follow Us

वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर मीडिया पर अपने गुस्से को लेकर चर्चा में हैं। रविवार को प्रसारित हुए मशहूर शो ‘मीट द प्रेस’ के दौरान ट्रंप और एनबीसी (NBC) की मशहूर एंकर क्रिस्टन वेल्कर के बीच तीखी बहस हो गई। मामला उस समय बिगड़ गया जब एंकर ने कैलिफोर्निया के प्राथमिक चुनावों और साल 2020 के राष्ट्रपति चुनाव में धांधली के दावों पर ट्रंप से सीधे सबूत मांग लिए। ट्रंप ने जब कैलिफोर्निया में धीमी वोट काउंटिंग को धोखाधड़ी बताया, तो एंकर ने साफ किया कि वहाँ मतपत्रों की गिनती का यही सामान्य तरीका है। इस बात से नाराज ट्रंप ने गुस्से में मीडिया को ‘बेईमान’ और ‘बिकाऊ’ कहना शुरू कर दिया।

जब एंकर क्रिस्टन वेल्कर ने खुद का बचाव करते हुए कहा कि वे बेईमान नहीं हैं, तो ट्रंप का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। उन्होंने लाइव इंटरव्यू में एंकर से कहा, “तुम या तो बेईमान हो या फिर बेवकूफ हो।” इसके बाद ट्रंप ने आगे बात करने से इनकार करते हुए कहा, “चलो अब यहीं खत्म करते हैं, क्योंकि मेरा बस हो गया है। शुक्रिया, डार्लिंग।” उन्होंने एंकर की अपील को दरकिनार करते हुए अपना माइक्रोफोन उतारा और बीच में ही उठकर चले गए। जाते-जाते उन्होंने तंज कसा कि कोई भी देश बेईमान प्रेस के साथ कभी महान नहीं बन सकता।