रायपुर। राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र स्थित संतोषी नगर के गोकुल नगर में एक महिला के साथ घर में घुसकर मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ महिलाओं ने घर में घुसकर पीड़िता के साथ मारपीट की, उसे घसीटा और घर में रखी तुलसी माता की मूर्ति को भी नुकसान पहुंचाया। घटना की शिकायत के बाद टिकरापारा पुलिस मामले की जांच कर रही है। पीड़िता के अनुसार, आरोपित महिलाओं ने घर में प्रवेश कर विवाद किया और उसके बाद मारपीट की घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी हुई है।
इधर, शहर में बढ़ते अपराधों को लेकर सोमवार को पुलिस कंट्रोल रूम में पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और विभिन्न अभियानों की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक के दौरान चाकूबाजी, लूटपाट और अन्य गंभीर अपराधों पर चिंता व्यक्त करते हुए पुलिस अधिकारियों को अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। पुलिस कमिश्नर ने क्राइम शाखा को विशेष टीम गठित कर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। समीक्षा बैठक में महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, नशा तस्करी, आर्थिक अपराध और लंबित मामलों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने तथा त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
