पैसों के लेनदेन के विवाद में पति-पत्नी पर धारदार हथियार से हमला

Follow Us

बिलासपुर। ब्याज की रकम को लेकर हुए विवाद में पति-पत्नी पर एक व्यक्ति ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में युवक के गले और दोनों कलाई पर गंभीर चोटें आई हैं। घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना तोरवा थाना क्षेत्र के देवरीडीह की है। पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक, देवनगर निवासी सरिता साहू ने करीब दो साल पहले घरेलू जरूरत के लिए तहरून निशा से 6 हजार रुपए उधार लिए थे।

सरिता का कहना है कि वह मूलधन चुका चुकी हैं। आरोप है कि इसके बावजूद 27 सितंबर की रात तहरून निशा अपने दूसरे पति राजू पठान के साथ उनके घर पहुंची और 18 हजार रुपए ब्याज बकाया होने की बात कहते हुए विवाद करने लगी। बताया गया कि रात करीब 8 बजे विवाद के बाद दोनों वहां से चले गए। करीब 11 बजे दोनों दोबारा घर पहुंचे और दरवाजा खटखटाने लगे। बाहर आने पर कथित रूप से गाली-गलौज और धमकी दी गई। इसी दौरान राजू पठान ने अनिल साहू पर नुकीले धारदार हथियार से हमला कर दिया।

बीच-बचाव करने पहुंची सरिता के साथ भी धक्का-मुक्की होने की बात कही गई है। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद दोनों आरोपी वहां से चले गए। हमले में घायल अनिल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी पत्नी ने घटना की शिकायत पुलिस से की है। पीडि़त पक्ष का कहना है कि शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस की ओर से जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।