नई दिल्ली। निसान इंडिया ने बॉलीवुड अभिनेता ऋतिक रोशन को अपना नया ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया है। कंपनी ने यह घोषणा अपनी नई मिड-साइज़ SUV टेक्टन के लॉन्च के साथ की है। निसान को उम्मीद है कि ऋतिक रोशन के जुड़ने से ब्रांड की पहुंच और पहचान को नई मजबूती मिलेगी। निसान टेक्टन कंपनी की भारत में मिड-साइज़ SUV सेगमेंट में नई पेशकश है, जिसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 10.49 लाख रुपये रखी गई है। इस SUV की बुकिंग शुरू हो चुकी है, जबकि इसकी डिलीवरी 20 जुलाई से शुरू होगी। डिजाइन की बात करें तो टेक्टन में चौड़ी फ्रंट ग्रिल, LED हेडलैंप, C-शेप डे-टाइम रनिंग लाइट्स, मस्कुलर बोनट, 18-इंच अलॉय व्हील और आकर्षक टेल-लैंप दिए गए हैं। कंपनी इसे 11 एक्सटीरियर कलर ऑप्शन में पेश कर रही है, जिसमें छह मोनोटोन और पांच डुअल-टोन विकल्प शामिल हैं।
SUV के इंटीरियर में डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, बड़ी इंफोटेनमेंट स्क्रीन, वायरलेस चार्जर, वेंटिलेटेड फ्रंट सीटें, डुअल-जोन क्लाइमेट कंट्रोल, पैनोरमिक सनरूफ, पावर्ड फ्रंट सीट और Google Built-in के साथ Google Maps व Gemini जैसे स्मार्ट फीचर्स दिए गए हैं। इसके अलावा पैडल शिफ्टर्स, इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग ब्रेक, स्मार्ट पावर्ड टेलगेट और एडैप्टिव क्रूज़ कंट्रोल जैसे आधुनिक फीचर्स भी उपलब्ध हैं। टेक्टन को छह अलग-अलग ट्रिम लेवल में लॉन्च किया गया है। इंजन विकल्पों में 1.0-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन (100 hp, 166 Nm) और 1.3-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन (163 hp, 280 Nm) शामिल हैं। बड़े इंजन के साथ 6-स्पीड मैनुअल और 7-स्पीड DCT गियरबॉक्स का विकल्प मिलता है। कंपनी के अनुसार, 1.0-लीटर इंजन 19.4 किमी/लीटर और 1.3-लीटर इंजन 18.5 किमी/लीटर तक का माइलेज देता है।
