बलौदाबाजार में ट्रकों की भीषण भिड़ंत: केबिन में फंसा चालक, बारिश के बीच पुलिस ने किया रेस्क्यू

Follow Us

बलौदाबाजार। जिले के गिधौरी थाना क्षेत्र में तेज बारिश और घने अंधेरे के बीच दो भारी ट्रकों की आमने-सामने नहीं बल्कि पीछे से हुई भीषण टक्कर में बड़ा हादसा हो गया। दुर्घटना में एक ट्रक का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे चालक अंदर फंस गया। पुलिस और रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर चालक को सुरक्षित बाहर निकाला।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे ग्राम नवापारा धमलपुर के पास कसडोल-गिधौरी मार्ग पर एक ट्रक तकनीकी खराबी के कारण सड़क पर खड़ा था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे दूसरे ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और एक चालक केबिन में फंस गया।

पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में थाना प्रभारी संदीप बंजारे के नेतृत्व में गिधौरी पुलिस, हाईवे पेट्रोलिंग और डायल-112 की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। लगातार बारिश और अंधेरे के बावजूद जवानों ने क्षतिग्रस्त केबिन को काटकर चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल चालक को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है।

दुर्घटना के चलते दोनों ट्रक सड़क के बीच फंस जाने से मार्ग पर लंबा जाम लग गया था। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।