बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में एक युवक का शव नदी में तैरता मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मामला प्रसिद्ध बाबा बच्छराज कुंवर धाम का है, जहां 22 वर्षीय युवक की लाश बरामद हुई। मृतक की पहचान कछिया निवासी विमलेश वर्मा (22) के रूप में हुई है, जो पिछले दो दिनों से लापता था। जानकारी के अनुसार, विमलेश वर्मा बाबा बच्छराज कुंवर धाम में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ावे में लाए जाने वाले बकरों की बली काटने का काम करता था। दो दिन पहले उसके अचानक लापता होने के बाद परिजन उसकी तलाश कर रहे थे।
इसी बीच युवक की बाइक श्रद्धालुओं के पास लावारिस हालत में मिली, जिसके बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने खोजबीन तेज कर दी। तलाश के दौरान आज उसका शव नदी में तैरता हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही चलगली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल युवक की मौत कैसे हुई, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
