मुंबई। महाराष्ट्र की राजनीति में हिंदुत्व की विरासत को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे पर निशाना साधते हुए उन पर हिंदुत्व के मुद्दे को राजनीतिक फायदे के लिए इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। शिंदे ने कहा कि, हिंदुत्व कोई ऐसा मुद्दा नहीं है, जिसे जरूरत के हिसाब से अपनाया या छोड़ा जा सके। उन्होंने उद्धव ठाकरे पर कांग्रेस के साथ गठबंधन को लेकर भी हमला बोला और आरोप लगाया कि अब राजनीतिक परिस्थितियों के कारण उन्हें भगवान राम की याद आ रही है।
यह विवाद अयोध्या राम मंदिर से जुड़े दान और कथित अनियमितताओं के मुद्दे पर शुरू हुआ, जिसको लेकर शिवसेना (UBT) ने ‘राम रक्षा आंदोलन’ का ऐलान किया है। नागपुर में एक कार्यक्रम के दौरान उद्धव ठाकरे ने बीजेपी और शिंदे गुट पर सवाल उठाए थे, जिसके बाद शिंदे ने पलटवार किया। डिप्टी सीएम शिंदे ने कहा कि, जो लोग पहले राम मंदिर और राम भक्तों को लेकर सवाल उठाते थे, वे अब राम के नाम पर राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने उद्धव ठाकरे पर कटाक्ष करते हुए कहा कि, हिंदुत्व आस्था का विषय है, इसे सिर्फ चुनावी जरूरत के समय नहीं अपनाया जा सकता। महाराष्ट्र में इस मुद्दे को लेकर सियासी बयानबाजी लगातार तेज होती जा रही है।
