भाटापारा। कमलाकांत शुक्ला इंस्टीट्यूट, देवरी रोड, भाटापारा में नवरात्रि के पावन अवसर पर गरबा महोत्सव का रंगारंग आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था के संचालक मनीष शुक्ला जी, राम नारायण शिक्षण संस्थान की सचिव अंजलि शुक्ला जी, महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. वंदना चौहान जी की उपस्थिति में समस्त सहायक प्राध्यापकगण, कर्मचारीगण एवं छात्र-छात्राओं द्वारा माँ अम्बे की विधिवत पूजा-अर्चना एवं आरती के साथ किया गया।
आरती के पश्चात महाविद्यालय की छात्र-छात्राओं ने पारंपरिक परिधानों में सज-धज कर गरबा की मनमोहक प्रस्तुति दी। गरबा की मधुर धुनों और माता रानी के भक्ति-भरे भजनों से पूरा महाविद्यालय परिसर भक्तिमय हो गया। इस कार्यक्रम में गरबा के संपूर्ण अभ्यास में महाविद्यालय की सहायक प्राध्यापिका सुषमा दुबे जी का विशेष योगदान रहा।
प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी नवरात्रि के पावन अवसर पर गरबा का यह पावन कार्यक्रम बड़ी धूमधाम से हर्षोल्लास के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। माता रानी के गर्भ-दीप के चारों ओर घूम-घूम कर नृत्य करने से यह संदेश मिलता है कि माँ अम्बे ही सृष्टि के केंद्र में हैं और यह नृत्य एकता, शक्ति और भक्ति के संगम का प्रतीक है।
