नशे में वाहन चलाने के विरुद्ध अब तक 4082 प्रकरणों में कार्रवाई , 2597 वाहन चालकों के लाइसेंस निलंबित

Follow Us

रायपुर। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा आम नागरिकों के जीवन की रक्षा के उद्देश्य से यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर द्वारा नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध लगातार सघन जांच अभियान चलाकर वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। शराब अथवा अन्य नशीले पदार्थों का सेवन कर वाहन चलाना न केवल वाहन चालक, बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य वाहन चालकों, यात्रियों एवं पैदल राहगीरों के जीवन के लिए भी गंभीर खतरा उत्पन्न करता है।

वर्ष 2026 में अब तक ड्रंक एंड ड्राइव के कुल 4082 प्रकरणों में वैधानिक कार्यवाही की जा चुकी है। इनमें से नशे की हालत में वाहन चलाते पाए गए 2597 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन हेतु प्रकरण परिवहन विभाग को प्रेषित किए गए। परिवहन विभाग द्वारा प्राप्त सभी 2597 प्रकरणों में कार्यवाही करते हुए संबंधित वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए जा चुके हैं। यातायात पुलिस द्वारा ड्रंक एंड ड्राइव के मामलों में केवल मौके पर कार्यवाही तक सीमित न रहते हुए नियमानुसार वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन की प्रक्रिया भी सुनिश्चित की जा रही है। इस कार्यवाही का उद्देश्य वाहन चालकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना, नशे में वाहन चलाने की प्रवृत्ति पर अंकुश लगाना तथा सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को कम करना है।

यातायात पुलिस द्वारा विभिन्न स्थानों पर जांच के माध्यम से नशे की हालत में वाहन चलाने वाले चालकों की पहचान कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। साथ ही, ऐसे मामलों में ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन हेतु प्रकरण परिवहन विभाग को भेजे जा रहे हैं, ताकि संबंधित वाहन चालकों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके।

यातायात पुलिस की वाहन चालकों से अपील

यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर आम नागरिकों एवं वाहन चालकों से अपील करती है कि— यदि आपने शराब का सेवन किया है! तो वाहन न चलाए। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें।वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें तथा अपनी और दूसरों की सुरक्षा को प्राथमिकता दें। अपने परिवार के सदस्यों एवं परिचितों को भी नशे की हालत में वाहन न चलाने के लिए प्रेरित करें। यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर द्वारा स्पष्ट किया गया है कि नशे में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध जांच एवं वैधानिक कार्यवाही आगे भी लगातार जारी रहेगी। आम नागरिकों से आग्रह है कि वे यातायात नियमों का पालन कर सड़क सुरक्षा में सहभागी बनें।शराब पीकर वाहन चलाना आपके साथ-साथ दूसरों के जीवन को भी खतरे में डाल सकता है। जिम्मेदार वाहन चालक बनें, नशे में वाहन न चलाएं।*