हैदराबाद। अभिनेता गोपीचंद की आगामी एक्शन एंटरटेनर फिल्म का नाम सिंगा रखा गया है। फिल्म के निर्माताओं ने एक खास टाइटल टीजर जारी कर इसकी आधिकारिक घोषणा की है। टीजर की शुरुआत घने जंगल और आदिवासी संगीत के साथ होती है, जो रहस्य और रोमांच का माहौल बनाता है। अंधेरे में चमकती आंखों के बाद जब चेहरा सामने आता है तो कुल्हाड़ी थामे गोपीचंद का दमदार और खौफनाक अवतार देखने को मिलता है। इसके बाद फिल्म का शीर्षक ‘सिंगा’ सामने आता है।
फिल्म का निर्देशन मशहूर एक्शन कोरियोग्राफर वी. वेंकट कर रहे हैं। यह बतौर निर्देशक उनकी पहली फिल्म होगी। फिल्म का निर्माण विजय चिल्ला और शशि देवीरेड्डी द्वारा 70mm एंटरटेनमेंट्स बैनर तले किया जा रहा है। मेकर्स के अनुसार, सिंगा एक बड़े स्तर की एक्शन-ड्रामा फिल्म होगी, जिसमें जबरदस्त एक्शन, भावनात्मक कहानी और मनोरंजन का भरपूर मिश्रण देखने को मिलेगा। फिल्म में गोपीचंद एक नए और शक्तिशाली किरदार में नजर आएंगे। फिल्म की खास बात यह भी है कि मलयालम अभिनेत्री अनारकली नज़र इस फिल्म के जरिए तेलुगु सिनेमा में डेब्यू कर रही हैं। वहीं संगीत Sam C. S. ने दिया है और एडिटिंग की जिम्मेदारी राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता श्रीकर प्रसाद संभाल रहे हैं। निर्माताओं का दावा है कि फिल्म को बड़े पैमाने पर तैयार किया जा रहा है और दर्शकों को शानदार सिनेमाई अनुभव देने के लिए उच्च स्तरीय तकनीक और प्रोडक्शन वैल्यू का इस्तेमाल किया जा रहा है।
