ब्रसेल्स। हैरी पॉटर की जादुई दुनिया में खोने का सपना अब हकीकत बनने जा रहा है। दुनियाभर में मशहूर इस फिल्म सीरीज के फैंस के लिए यूरोप में एक खास थीम होटल तैयार किया जा रहा है, जहां उन्हें हॉगवर्ट्स जैसी फीलिंग मिलेगी। यह अनोखा होटल जर्मनी के गुंजबर्ग स्थित लेगोलैंड डॉयचलैंड रिजॉर्ट का हिस्सा होगा। इसे वॉर्नर ब्रदर्स डिस्कवरी ग्लोबल एक्सपीरियंस और मर्लिन एंटरटेनमेंट्स की साझेदारी से बनाया जा रहा है। होटल का डिजाइन इस तरह तैयार किया जा रहा है कि यहां पहुंचते ही मेहमान खुद को हैरी पॉटर की जादुई दुनिया का हिस्सा महसूस करेंगे।
होटल के कमरे हॉगवर्ट्स के चारों हाउस से प्रेरित होंगे। यहां के बेड और इंटीरियर को फिल्मों की थीम के अनुसार सजाया जाएगा, जिसमें रॉन वीस्ली के कमरे जैसी झलक देखने को मिलेगी। शानदार सेट डिजाइन, खास सजावट और मैजिकल माहौल इस जगह को बाकी होटलों से अलग बनाएंगे। यह दुनिया का पहला ऐसा होटल होगा, जो पूरी तरह हैरी पॉटर फ्रैंचाइजी को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है। हालांकि इसकी आधिकारिक ओपनिंग डेट का ऐलान अभी नहीं हुआ है, लेकिन इसी साल इसके शुरू होने की उम्मीद है। यह होटल पॉटर फैंस के लिए एक यादगार अनुभव साबित हो सकता है।
