सुशासन तिहार 2026: 1 मई से CM साय का विशेष अभियान, शिकायतों का होगा त्वरित समाधान

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सुशासन को मजबूत करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ‘सुशासन तिहार 2026’ को लेकर बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने प्रदेश के सभी कलेक्टरों को पत्र लिखकर जन शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए विशेष अभियान चलाने और बड़े स्तर पर समाधान शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।

यह अभियान 1 मई से 10 जून तक पूरे प्रदेश में चलेगा। इसके तहत ग्रामीण क्षेत्रों में 15-20 ग्राम पंचायतों के समूह और शहरी क्षेत्रों में वार्ड क्लस्टर के आधार पर शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में आम लोगों की समस्याएं सुनकर उनका जल्द समाधान करने पर फोकस रहेगा। सीएम ने स्पष्ट कहा है कि, शिविरों में प्राप्त सभी आवेदनों का अधिकतम एक महीने के भीतर निराकरण किया जाए और आवेदकों को इसकी जानकारी भी अनिवार्य रूप से दी जाए। साथ ही विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी देकर पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।

इस दौरान मुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद, विधायक और वरिष्ठ अधिकारी समय-समय पर शिविरों का निरीक्षण करेंगे। दोपहर बाद जिला मुख्यालय में समीक्षा बैठकें भी होंगी, जिसमें योजनाओं की प्रगति और शिकायतों के निराकरण की स्थिति पर चर्चा की जाएगी। इसके अलावा 30 अप्रैल तक कलेक्टरों को भूमि विवाद, मनरेगा भुगतान, प्रमाण पत्र जारी करने, बिजली-पानी जैसी बुनियादी समस्याओं और विभिन्न योजनाओं के लंबित मामलों को प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश दिए गए हैं।