गंगा एक्सप्रेसवे यूपी के विकास की नई जीवनरेखा: पीएम मोदी

Follow Us

हरदोई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को उत्तर प्रदेश के हरदोई में 594 किलोमीटर लंबे एक्सेस-कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने इसे राज्य के विकास की नई ‘जीवनरेखा’ बताया और कहा कि यह परियोजना उत्तर प्रदेश की तरक्की को नई गति देगी। प्रधानमंत्री ने कहा, “जैसे मां गंगा हजारों वर्षों से यूपी और पूरे देश की जीवनरेखा रही हैं, वैसे ही आधुनिक विकास के इस दौर में उनके किनारे से गुजरता यह एक्सप्रेसवे राज्य के विकास की नई लाइफलाइन बनेगा। इसमें हमारे विकास के विजन के साथ-साथ हमारी समृद्ध विरासत की झलक भी मिलती है।” उन्होंने उत्तर प्रदेश के करोड़ों लोगों को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी। पीएम मोदी ने इसे एक ‘अद्भुत संयोग’ बताया कि हाल ही में वह लगातार मां गंगा के सान्निध्य में रहे हैं। उन्होंने दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के उद्घाटन का भी जिक्र किया और कहा कि ये नए एक्सप्रेसवे विकसित भारत की आधुनिक हस्तरेखाएं हैं। प्रधानमंत्री ने पश्चिम बंगाल में चल रहे विधानसभा चुनावों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि दूसरे चरण के मतदान में भारी संख्या में लोग घरों से निकलकर वोट दे रहे हैं। उन्होंने मतदान के इस उत्साह को लोकतंत्र की मजबूती का प्रतीक बताया। पीएम मोदी ने हाल के चुनावी नतीजों का हवाला देते हुए भाजपा की जीत का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा-एनडीए ने प्रचंड जीत हासिल की और गुजरात के स्थानीय निकाय चुनावों में भी भाजपा ने 80-85 प्रतिशत सीटें जीती हैं। प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि पांच राज्यों में चल रहे चुनावों में भी भाजपा ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि 4 मई को आने वाले नतीजे विकसित भारत के संकल्प को और मजबूत करेंगे और देश के विकास की गति को नई ऊर्जा देंगे।