रायपुर । मुराद पूरी करने के बहाने अश्लील हरकत करने वाले ढोंगी बाबा को आजाद चौक पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी मुस्तकीम बेग ईदगाहभाठा क्षेत्र में घर पर बैठकर लोगों को ठगता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस और पाक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। थाना आजाद चौक में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार 17 वर्षीय प्रार्थी 15 जुलाई को ईदगाहभाठा स्थित एक घर में बाबा मुस्तकीम के पास अपनी मुराद पूरी कराने गया था। आरोप है कि जैसे ही प्रार्थी कमरे में पहुंचा, किसी ने दरवाजा बंद कर दिया। अंदर बैठे बाबा मुस्तकीम ने प्रार्थी से कहा “तुम्हारी मुराद पूरी करता हूं” और उसका पूरा कपड़ा उतरवा दिया। आरोप है कि आरोपी ने नाबालिग को 5 मिनट तक नग्न अवस्था में कमरे में गोल-गोल घुमाया और पैर चुमवाए। इसके बाद “तुम्हारी मुराद पूरी हो गई, सभी बाधाएं दूर कर दी हैं” कहकर कपड़े पहनाकर घर भेज दिया। इस हरकत से प्रार्थी काफी अपमानित महसूस कर रहा था। प्रार्थी की शिकायत पर थाना आजाद चौक में अपराध क्रमांक 151/26 धारा 127(2) बीएनएस और 11(2) पाक्सो एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।
24 घंटे में हुई गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने थाना प्रभारी आजाद चौक को आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने प्रार्थी और परिजनों से पूछताछ कर आरोपी की पतासाजी की। पुलिस ने आरोपी मुस्तकीम बेग पिता सलीम बेग, उम्र 40 वर्ष, निवासी खैरा नवापारा, तहसील छुईखदान-गंडई, जिला खैरागढ़* को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी लोगों को अंधविश्वास के नाम पर ठगता था। मामले में आगे की जांच जारी है।
