जगदलपुर। जगदलपुर के तारापुर क्षेत्र स्थित एक पेट्रोल पंप पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब पेट्रोल भरवाने के तुरंत बाद एक बाइक में अचानक आग लग गई। कुछ ही क्षणों में आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी बाइक धू-धूकर जल उठी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार जैसे ही फ्यूल स्टेशन पर पेट्रोल भरवाकर आगे बढ़ा, तभी बाइक से धुआं निकलना शुरू हुआ और देखते ही देखते उसमें आग भड़क उठी। घटना से पेट्रोल पंप पर मौजूद कर्मचारियों और ग्राहकों में हड़कंप मच गया और लोग सुरक्षित दूरी पर भाग गए।
स्थानीय लोगों और पंप कर्मचारियों ने तुरंत आग बुझाने की कोशिश की और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। गनीमत रही कि, इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी माना जा रहा है, हालांकि छत्तीसगढ़ पुलिस या संबंधित विभाग की ओर से अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
