भाजपा के कांग्रेस मुख्यालय घेराव के बाद 12 कांग्रेस नेताओं समेत अन्य पर FIR, पुलिस ने लगाए हिंसा के आरोप

Follow Us

रायपुर। राजधानी रायपुर में भाजपा के कांग्रेस मुख्यालय घेराव कार्यक्रम के दौरान हुई झड़प के मामले में पुलिस ने एक और एफआईआर दर्ज की है। खम्हारडीह थाना प्रभारी निरीक्षक भावेश कुमार गौतम की शिकायत पर कांग्रेस के 12 नेताओं समेत अन्य कार्यकर्ताओं के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने, बल प्रयोग करने और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने का आरोप लगाया है।

पुलिस के अनुसार, 22 जुलाई को भाजपा द्वारा आयोजित कांग्रेस मुख्यालय घेराव कार्यक्रम के दौरान राजीव भवन के सामने बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात था। इसी दौरान कांग्रेस कार्यालय की ओर से नारेबाजी करते हुए कुछ कार्यकर्ता बैरिकेडिंग की ओर बढ़े। पुलिस का कहना है कि उन्हें रोकने और समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन स्थिति तनावपूर्ण हो गई और धक्का-मुक्की की घटना हुई।

एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि इसके बाद कुछ प्रदर्शनकारियों ने पुलिस बल पर कांच की बोतलें, पत्थर, लकड़ी के टुकड़े और जूते फेंके। इस घटना में पीएसआई देवराज सिंह के सिर में चोट आई, जबकि महिला आरक्षक सीमा बंजारे के हाथ में चोट लगने की बात कही गई है। पुलिस के अनुसार, अन्य पुलिसकर्मियों को भी चोटें आईं और घटना के दौरान शासकीय कार्य प्रभावित हुआ।

इस मामले में कांग्रेस नेताओं सुनील कुकरेजा, विनोद तिवारी, सकलेन कामदार, आकाश तिवारी, अजीत कुकरेजा, हनी बग्गा, शांतनु झा, गावेश साहू, खुबी डहरिया, सागर दुल्हानी, अजीज भिंसरा और अमित तिवारी सहित अन्य कार्यकर्ताओं को आरोपी बनाया गया है। सभी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 121(1), 132, 191 और 221 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के वीडियो फुटेज, फोटोग्राफ और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपों की जांच की जा रही है। जांच के दौरान यदि अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके नाम भी मामले में जोड़े जा सकते हैं। मामले में कांग्रेस की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।