रायपुर। सोशल मीडिया पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से तैयार कथित आपत्तिजनक वीडियो को लेकर राजधानी में विवाद खड़ा हो गया है। फेसबुक के एक पेज पर हिंदू देवी-देवताओं से जुड़े 50 से अधिक वीडियो अपलोड किए गए हैं, जिनमें भ्रामक और आपत्तिजनक दावे किए गए हैं।
हिंदू संगठनों ने आक्रोश जताते इन वीडियो के खिलाफ सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों पर एफआईआर दर्ज कर केस साइबर सेल को सौंप दिया है।
पुलिस के अनुसार फेसबुक पेज ‘From Heaven to Earth’ पर अपलोड वीडियो में ईसा मसीह को हिंदू देवी-देवताओं का ‘पिता’ बताए जाने का दावा है। वीडियो में कथित तौर पर भगवान शिव और विष्णु को ईसा मसीह को पिता बताते, भगवान राम को उनसे उपदेश लेते हुए दिखाया गया है। वहीं, ईसा को भगवान हनुमान से शक्तिशाली बताया है। हिंदू संगठनों का आरोप है कि इन एआई वीडियो का मकसद धार्मिक भावनाएं आहत करना है।
बजरंग दल अध्यक्ष रवि वाधवानी ने आरोप लगाया कि मसीही समाज के कुछ लोग ये वीडियो सोशल मीडिया शेयर कर रहे हैं। एआई से हिंदू देवी-देवताओं को कार्टूननुमा पात्रों के रूप में दिखाकर उनका अपमान किया है।
विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने संबंधित वीडियो हटाने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इससे पहले, छत्तीसगढ़ प्रांत की राम भक्त सेना ने भी सिविल लाइन थाने में शिकायत देकर संबंधित फेसबुक पेज हटाने और उसके संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पेज किसने बनाया, इसकी जांच हो रही : एसीपी रमाकांत साहू ने बताया कि फेसबुक पेज का डेटा सुरक्षित रखने के लिए साइबर सेल को पत्र लिखा गया है। तकनीकी जांच के जरिए यह पता लगाया जा रहा है कि पेज किसने बनाया, उसका वास्तविक यूजर कौन है, किस इंटरनेट कनेक्शन से उसका संचालन हो रहा है और उसमें कौन-सा मोबाइल नंबर रजिस्टर्ड है।


