नई दिल्ली। राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी से जुड़े मामले में सुप्रीम कोर्ट ने बड़ा कदम उठाया है। सोमवार को हुई सुनवाई में मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने जांच को और प्रभावी बनाने के लिए विशेष जांच टीम (SIT) के पुनर्गठन का निर्देश दिया है। अदालत ने कहा कि, नई SIT का नेतृत्व किसी वरिष्ठ IPS अधिकारी के हाथों में होना चाहिए, ताकि मामले की निष्पक्ष और तेज जांच सुनिश्चित की जा सके। सुनवाई के दौरान सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कोर्ट को बताया कि, मामले में स्टेटस रिपोर्ट दाखिल की जा चुकी है और जांच जारी है। पुलिस अब तक इस मामले में 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने पूछा कि, वर्तमान में जांच की जिम्मेदारी किस अधिकारी के पास है। इस पर सरकार की ओर से बताया गया कि, मामले की जांच SIT के माध्यम से की जा रही है और इसे गंभीर अपराध के रूप में दर्ज किया गया है। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने मामले के राजनीतिकरण पर नाराजगी जताते हुए कहा कि, यह एक आपराधिक जांच का विषय है और अदालत का उद्देश्य केवल निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करना है। अब इस मामले की अगली सुनवाई 27 जुलाई को होगी, जिसमें उत्तर प्रदेश सरकार नई SIT की प्रगति रिपोर्ट पेश करेगी।
