वेदांता पावर प्लांट में धमाका, 11 की मौत, मजिस्ट्रियल जांच के आदेश

Follow Us
  •  मृतकों के परिजनों को मुआवजा

रायपुर। जिले के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में मंगलवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया, जब प्लांट के भीतर बॉयलर फटने से जोरदार विस्फोट हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस घटना में 11 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 30 से 40 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। बताया जा रहा है कि हादसा दोपहर करीब 2 बजे हुआ, जब प्लांट में नियमित कार्य चल रहा था। अचानक हुए विस्फोट से पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारी जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। घटना के तुरंत बाद राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है। हालांकि, प्रशासन की ओर से बयान आना बाकी है। सूचना मिलते ही प्रशासनिक और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। साथ ही फायर ब्रिगेड और मेडिकल टीम भी गई। हादसे के कारणों का फिलहाल स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी या सुरक्षा मानकों में लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। गंभीर रुप से घायलों को रायगढ़ के जिंदल अस्पताल ले जाया गया, जहां 18 घायलों को भर्ती किया गया है।

हादसे पर सीएम साय ने जताया दुख
सक्ती के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में बॉयलर ब्लास्ट की दुर्घटना पर मुख्यमंत्री ने गहरी संवेदना व्यक्त की और शोकाकुल परिजनों के साथ अपनी संवेदनाएं जताईं। उन्होंने जिला प्रशासन को राहत-बचाव कार्य तेज करने, घायलों के बेहतर उपचार और घटना की निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए तथा दोषियों पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया।

मृतकों के परिजनों को मिलेगा मुआवजा
वेदांता थर्मल पावर प्लांट में हुए भीषण बॉयलर ब्लास्ट हादसे के बाद छत्तीसगढ़ सरकार ने सख्त रुख अपनाते हुए श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने तत्काल जांच के निर्देश दिए और दोषियों पर श्रम कानून के तहत कड़ी कार्रवाई करने की चेतावनी दी। मंत्री ने घायल मजदूरों के बेहतर इलाज और मृतकों के परिजनों को निर्धारित मुआवजा देने का आश्वासन दिया। उन्होंने विशेष जांच टीम गठित कर प्लांट प्रबंधन, ठेकेदार और सुरक्षा मानकों की जांच कराने के निर्देश दिए हैं।

दूर तक सुनाई दी धमाके की आवाज
विस्फोट इतना तेज था कि इसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी। इससे आसपास के ग्रामीण भी दहशत में आ गए।
हादसे के बाद प्रशासन ने दिए जांच के आदेश
हादसे के बाद प्लांट प्रबंधन के अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। जिला प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य तेजी से जारी है, साथ ही घटना के कारणों की मजिस्ट्रियल जांच के निर्देश भी दे दिए गए हैं।

घायलों को पूरा सहयोग: वेदांता पावर प्लांट
कंपनी के प्रवक्ता ने कहा कि सब-कॉन्ट्रैक्टर एनजीएसएल के कर्मचारी प्रभावित हुए हैं और घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सहायता तथा पूरा सहयोग दिया जा रहा है। प्रवक्ता ने बताया कि घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है और स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय में काम किया जा रहा है। कंपनी ने प्रभावित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।

बघेल ने की उचित मुआवजा की मांग
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सक्ती के वेदांता पावर प्लांट में हुए बॉयलर ब्लास्ट हादसे को पीड़ादायक बताते हुए सोशल मीडिया पर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने बताया कि हादसे में कई मजदूरों की मौत हो गई और दर्जनों घायल हुए हैं, साथ ही शासन-प्रशासन से पीडि़त परिवारों को उचित मुआवजा और सभी घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था करने की अपील की।