विद्यालयों-महाविद्यालयों में आयोजित हो रहीं निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं

Follow Us

० ईएलसी के माध्यम से विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया, मतदान के महत्व और लोकतांत्रिक अधिकारों की गई जानकारी

सुकमा। जिले में लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने और भावी मतदाताओं को उनके अधिकारों एवं दायित्वों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा मतदाता जागरूकता की गतिविधियों को निरंतर बढ़ावा दिया जा रहा है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले के निर्वाचन साक्षरता क्लब संचालित विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया से जोड़ते हुए जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर शुद्ध एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची का महत्व, मतदान की आवश्यकता, ईव्हीएम एवं व्हीव्हीपीएटी तथा निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपनी समझ और प्रतिभा का प्रदर्शन किया। साथ ही विद्यार्थियों को एसिनेट एप्प के माध्यम से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, आवश्यक संशोधन कराने एवं निर्वाचन संबंधी अन्य सेवाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई, ताकि वे स्वयं जागरूक होने के साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी मतदान के प्रति प्रेरित कर सकें।

बेटियों के सपनों को मिल रही नई उड़ान, बाल अधिकार सुरक्षा माह से बढ़ रहा आत्मविश्वास

जिला प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों की समझ विकसित करना, निष्पक्ष एवं जागरूक मतदान की भावना को मजबूत करना तथा युवाओं को निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए तैयार करना है। इस तरह विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में आयोजित ये रचनात्मक गतिविधियां न केवल विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन का माध्यम बन रही हैं, बल्कि जिले में जागरूक, जिम्मेदार और सशक्त लोकतंत्र की नींव मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।