नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र 2026 के पहले दिन राज्यसभा में नौ नवनिर्वाचित और पुनर्निर्वाचित सदस्यों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। राज्यसभा के सभापति सी.पी. राधाकृष्णन ने संसद भवन में आयोजित समारोह में सभी सदस्यों को शपथ और प्रतिज्ञान दिलाया। शपथ लेने वाले सदस्यों में डॉ. मुकेशभाई जे. राठवा, पवन खेड़ा, महेश केवट, जेम्स पंगसांग कोंगकल संगमा, खियांग्ते लालट्लुआंगकिमा, डॉ. सतीश पूनिया, प्रकाश चिक बड़ाईक, सुष्मिता देव और सुखेंदु शेखर रे शामिल रहे।
राज्यसभा सचिवालय के अनुसार, नौ सदस्यों में पांच ने हिंदी, दो ने अंग्रेजी और दो सदस्यों ने बंगाली भाषा में शपथ ली। इस अवसर पर सदन की संसदीय परंपराओं का पालन करते हुए शपथ ग्रहण कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। इन नए सदस्यों में पश्चिम बंगाल से तीन, जबकि गुजरात, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, मेघालय, मिजोरम और राजस्थान से एक-एक सदस्य राज्यसभा पहुंचे हैं। शपथ लेने के साथ ही सभी सदस्यों ने उच्च सदन की कार्यवाही में भाग लेने की औपचारिक प्रक्रिया पूरी कर ली। मानसून सत्र के दौरान अब ये सदस्य देश से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपनी भूमिका निभाएंगे।
