जेपी नड्डा से मुलाकात के बाद CJP का बयान, बोले- अभी ठोस आश्वासन नहीं मिला; नड्डा ने धरना खत्म करने की अपील की

Follow Us

नई दिल्ली। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात के बाद CJP के प्रतिनिधि सौरभ दास ने कहा कि बैठक सकारात्मक माहौल में हुई, लेकिन अब तक सरकार की ओर से कोई ठोस या अंतिम आश्वासन नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि जब तक मांगों पर स्पष्ट निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में सौरभ दास ने बताया कि जेपी नड्डा ने प्रतिनिधिमंडल की बात गंभीरता से सुनी और संबंधित पक्षों के साथ इस मुद्दे पर चर्चा कराने का भरोसा दिया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार जल्द ही इस मामले में सकारात्मक कदम उठाएगी।

सौरभ दास ने कहा कि फिलहाल कोई पक्का वादा नहीं किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से जारी रहेगा। उनका कहना था कि संगठन का उद्देश्य केवल अपनी मांगों को सरकार तक पहुंचाना और उनका समाधान सुनिश्चित कराना है। उन्होंने कहा, “हमें केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। उन्होंने भरोसा दिया है कि इस विषय पर उचित स्तर पर बातचीत होगी, लेकिन अभी तक कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला है। हमारी मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।”

वहीं, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने भी बैठक के बाद प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्ण तरीके से धरना समाप्त करने की अपील की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि उठाए गए मुद्दों पर सरकार उचित स्तर पर विचार करेगी।