सहकारिता क्षेत्र को मजबूत बनाने पर जोर, मंत्री केदार कश्यप ने सहकारी बैंकों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की

Follow Us

रायपुर। प्रदेश में सहकारिता आंदोलन को नई दिशा देने और बैंकिंग सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली। नवा रायपुर स्थित उनके निवास कार्यालय में आयोजित बैठक में छत्तीसगढ़ अपैक्स बैंक और जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों के अध्यक्षों एवं वरिष्ठ पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया।

बैठक में प्रदेश के किसानों को बेहतर, पारदर्शी और आधुनिक बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष चर्चा की गई। मंत्री कश्यप ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर और पूरी पारदर्शिता के साथ पहुंचाया जाए।

इस दौरान सहकारी बैंकों की कार्यप्रणाली में सुधार, डिजिटल बैंकिंग सेवाओं के विस्तार और सहकारी संस्थाओं को अधिक प्रभावी एवं जवाबदेह बनाने को लेकर विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया।

सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि राज्य सरकार किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए लगातार काम कर रही है। सहकारिता व्यवस्था ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, इसलिए इसे मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने सभी सहकारी बैंकों के अध्यक्षों, पदाधिकारियों और अधिकारियों से बेहतर समन्वय के साथ काम करने का आह्वान किया, ताकि प्रदेश का सहकारिता क्षेत्र और अधिक सशक्त, पारदर्शी एवं जनहितैषी बन सके।