हाथियों का तांडव: बेगुनाह युवक को पटक-पटक कर उतारा मौत के घाट, ग्रामीणों के आक्रोश से थमा पहिया

Follow Us

कोडरमा/ झारखंड के कोडरमा जिले के सतगावां क्षेत्र में जंगली Elephant के हमलों से दहशत फैल गई है। एक युवक की दर्दनाक मौत के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने रविवार को सड़क पर उतरकर गया-देवघर मुख्य मार्ग को कटैया मोड़ के पास जाम कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि वन विभाग की लापरवाही के कारण इलाके में लगातार खतरा बना हुआ है। उन्होंने मृतक के परिवार के लिए मुआवजा और हाथियों से सुरक्षा की मांग की है। जानकारी के मुताबिक, शनिवार देर रात हाथियों के झुंड ने कटैया गांव के पास 30 वर्षीय मोहित कुमार पर हमला कर दिया। मोहित कुमार को हाथियों ने पटक-पटक कर मार डाला। वह अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था, जिससे परिवार पर संकट गहरा गया है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले तीन दिनों से हाथियों का झुंड इसी इलाके में घूम रहा था, लेकिन वन विभाग ने उन्हें भगाने के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। इससे पहले शुक्रवार रात करीब 11 बजे तीन हाथियों के झुंड ने गजहर गांव में भी भारी नुकसान पहुंचाया था। हाथियों ने संजू देवी के घर का दरवाजा तोड़ दिया और घर में रखा करीब 10 क्विंटल अनाज खा गए। इसके अलावा बर्तन और कपड़ों को भी नुकसान पहुंचाया गया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय परिवार के सदस्य दूसरे मकान में सो रहे थे। पिछले दो महीनों में सतगावां, डोमचांच और मरकच्चो क्षेत्र में हाथियों के हमलों में पांच से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। लगातार हो रही घटनाओं से पूरे इलाके में डर का माहौल है और ग्रामीण रात भर जागकर खुद की सुरक्षा करने को मजबूर हैं। ड़क जाम की सूचना मिलने पर वन विभाग और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को तत्काल सहायता और सरकारी नियमों के अनुसार मुआवजा देने का आश्वासन दिया है। साथ ही वन कर्मियों को निर्देश दिए गए हैं कि हाथियों को आबादी वाले इलाकों से दूर खदेड़ा जाए। फिलहाल, खबर लिखे जाने तक सड़क जाम जारी था और ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं।