रायपुर। शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से रायपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ई-रिक्शा एवं ऑटो पंजीयन अभियान को अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशन में 20 मई 2026 से शुरू किए गए इस अभियान के तहत अब तक 6228 ई-रिक्शा और ऑटो चालकों ने अपना पंजीयन कराया है।
यातायात पुलिस ने जनहित फाउंडेशन के सहयोग से एक विशेष ऑनलाइन पंजीयन लिंक और क्यूआर कोड जारी किया है। इसके माध्यम से चालक अपने वाहन और स्वयं की जानकारी जैसे नाम, पता, मोबाइल नंबर, ड्राइविंग लाइसेंस तथा वाहन की आरसी संबंधी विवरण अपलोड कर सकते हैं। इस प्रक्रिया से वाहन और चालक का पूरा डाटा रायपुर पुलिस के पास सुरक्षित रहेगा, जिससे कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक मामलों में त्वरित कार्रवाई करने में मदद मिलेगी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पंजीयन होने से शहर में संचालित ई-रिक्शा और ऑटो वाहनों की वास्तविक संख्या का आकलन किया जा सकेगा। साथ ही यदि किसी यात्री का सामान वाहन में छूट जाता है तो चालक की पहचान कर सामान वापस दिलाने में भी आसानी होगी।
यह अभियान 5 जून 2026 तक जारी रहेगा। यातायात एसीपी सतीश ठाकुर ने बताया कि पंजीयन की सुविधा के लिए सभी यातायात थानों के अलावा रेलवे स्टेशन, भाठागांव बस स्टैंड और कलेक्ट्रेट परिसर के सामने विशेष व्यवस्था की गई है, जहां अधिकारी और कर्मचारी चालकों की सहायता कर रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, शहर में लगभग 20 हजार पंजीकृत ई-रिक्शा और ऑटो संचालित हैं, लेकिन अब तक केवल 6228 वाहनों का ही पंजीयन हुआ है। ऐसे में शेष चालकों से जल्द से जल्द रजिस्ट्रेशन कराने की अपील की गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 5 जून के बाद बिना पंजीयन के संचालित होने वाले ई-रिक्शा और ऑटो वाहनों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
