रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रविवार को राजधानी रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय में जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और आमजनों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 134वीं कड़ी का श्रवण किया। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का एपिसोड छत्तीसगढ़ के लिए गर्व और सम्मान का अवसर बन गया, क्योंकि प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय मंच से प्रदेश की युवा प्रतिभा और ऐतिहासिक धरोहर दोनों का उल्लेख किया।मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा जशपुर जिले के युवा धावक अनिमेष कुजूर की उपलब्धियों का जिक्र करना प्रदेश के युवाओं के लिए बड़ी प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों और ग्रामीण परिवेश से निकलकर अनिमेष ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। हाल ही में उन्होंने 100 मीटर दौड़ को 10.15 सेकंड में पूरा कर नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया और राष्ट्रमंडल खेल 2026 के लिए क्वालीफाई कर प्रदेश का मान बढ़ाया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने अनिमेष कुजूर और गुरिंदरवीर सिंह से संवाद करते हुए खेलों में सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा दिया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल रिकॉर्ड टूटने की कहानी नहीं, बल्कि भारतीय युवाओं के आत्मविश्वास, मेहनत और अनुशासन का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अनिमेष की सफलता यह साबित करती है कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती, बल्कि दृढ़ संकल्प और कड़ी मेहनत से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। मुख्यमंत्री साय ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा बिलासपुर जिले के ऐतिहासिक मल्हार में मिली प्राचीन ताम्र-पट्टिकाओं का उल्लेख किया जाना छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत के लिए भी गौरव का विषय है। उन्होंने बताया कि करीब 1400 से 1500 वर्ष पुरानी मानी जा रही ये ताम्र-पट्टिकाएं पांडुवंशी शासनकाल से जुड़ी हैं और उस समय की प्रशासनिक व्यवस्था, संस्कृति तथा सामाजिक जीवन की महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान करती हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पुरातात्विक धरोहरों के संरक्षण और संवर्धन के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा राष्ट्रीय मंच से छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों और विरासत का उल्लेख किए जाने से प्रदेशवासियों में आत्मगौरव, प्रेरणा और नई ऊर्जा का संचार हुआ है।
