मौदहापारा थाने में शुरू हुआ ई-मालखाना, जब्त संपत्तियों के प्रबंधन में आएगी पारदर्शिता

Follow Us

रायपुर। पुलिस कमिश्नरेट रायपुर के मध्य जोन अंतर्गत मौदहापारा थाने में सोमवार को ई-मालखाना प्रणाली का शुभारंभ किया गया। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित कांबले ने इस आधुनिक व्यवस्था की शुरुआत की। इससे पहले कमिश्नरेट रायपुर में ई-मालखाना की शुरुआत कोतवाली थाने से की गई थी।

ई-मालखाना प्रणाली के माध्यम से पुलिस अभिरक्षा में रखी जाने वाली जब्त संपत्तियों और माल-मशरूका के रखरखाव को अधिक व्यवस्थित, पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाया जा रहा है। इस अवसर पर पुलिस उपायुक्त (मध्य) तारकेश्वर पटेल, मौदहापारा थाना प्रभारी शक्ति सिंह सहित थाना के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

इस नई व्यवस्था के तहत अपराधों और अन्य प्रकरणों में जब्त किए गए सामान का सुरक्षित एवं वैज्ञानिक तरीके से प्रबंधन किया जा सकेगा। जब्त संपत्तियों की डिजिटल एंट्री और रिकॉर्ड संधारण होने से उनकी “चेन ऑफ कस्टडी” भी स्पष्ट और मजबूत बनी रहेगी।

ई-मालखाना प्रणाली से किसी भी जब्त माल की स्थिति, विवरण और उससे जुड़े प्रकरण की जानकारी आसानी से प्राप्त की जा सकेगी। इससे न्यायालयीन प्रक्रियाओं में भी पारदर्शिता और कार्यक्षमता बढ़ेगी।

पुलिस कमिश्नरेट रायपुर द्वारा पुलिसिंग में आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल को बढ़ावा देते हुए आने वाले समय में अन्य थानों में भी चरणबद्ध तरीके से ई-मालखाना प्रणाली लागू करने की योजना बनाई गई है। यह पहल पुलिस कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी, जवाबदेह और नागरिक हितैषी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।