मॉस्को। रूस के ब्लैक सी तट पर स्थित लोकप्रिय पर्यटन स्थल आर्किपो-ओसिपोव्का बीच में रविवार को हुए ड्रोन हमले ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। इस हमले में तीन बच्चों सहित सात लोगों की मौत हो गई, जबकि 40 अन्य घायल हुए हैं। घायलों में 17 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका अस्पताल में इलाज जारी है। क्रास्नोदार क्षेत्र के गवर्नर वेनियामिन कोंद्रात्येव ने आरोप लगाया कि, यह हमला आम नागरिकों को निशाना बनाकर किया गया।
उनके अनुसार, ड्रोन भीड़भाड़ वाले बीच पर गिरा, जहां गर्मियों की छुट्टियां मनाने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि, धमाके से पहले मशीनगन जैसी आवाजें सुनाई दीं, लेकिन लोगों को सुरक्षित स्थान पर जाने का मौका नहीं मिल सका। घटना उस इलाके के पास हुई, जो कथित तौर पर चर्चित ‘पुतिन पैलेस’ के कारण भी सुर्खियों में रहा है। हालांकि, यूक्रेन की सरकार या सेना की ओर से अब तक इस घटना पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है और न ही हमले की जिम्मेदारी ली गई है। फिलहाल रूसी एजेंसियां पूरे मामले की जांच में जुटी हैं।
