सूरजपुर। समाजसेवा, मानवीय मूल्यों और सामाजिक नेतृत्व के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सूरजपुर के प्रतिष्ठित व्यवसायी एवं पीआरए ग्रुप के सदस्य डॉ. राहुल अग्रवाल (टिंकू) को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में महाराजा अग्रसेन ग्लोबल आइकॉन अवार्ड के अंतर्गत अग्र गौरव अवार्ड से सम्मानित किया गया। अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन द्वारा 14 नवंबर को जनपथ स्थित डॉ. आंबेडकर इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में आयोजित समारोह में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।
डॉ. राहुल अग्रवाल लंबे समय से समाजसेवा और जनकल्याण से जुड़े कार्यों में सक्रिय हैं। सामाजिक एकता, दिव्यांग सेवा, सांस्कृतिक गतिविधियों को प्रोत्साहन, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, स्वास्थ्य और कला के क्षेत्र में उनके योगदान को सम्मान के लिए चयन का आधार बताया गया। व्यापारिक गतिविधियों के साथ सामाजिक दायित्वों के प्रति उनकी सक्रियता और विभिन्न संस्थाओं में संगठनात्मक नेतृत्व की भूमिका भी उल्लेखनीय रही है।
इस समारोह में देश के विभिन्न राज्यों के साथ अमेरिका, जापान, थाईलैंड, सिंगापुर, नेपाल, मैनचेस्टर, हांगकांग, यूएई, दुबई और इंडोनेशिया से चयनित सामाजिक क्षेत्र के प्रतिनिधियों को भी ग्लोबल अवार्ड से सम्मानित किया गया।
जांजगीर-चांपा पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल, 5 पुलिसकर्मियों की सारागांव थाने में नई पदस्थापना
कार्यक्रम में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने समारोह की अध्यक्षता की। वहीं, गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज और राष्ट्रीय व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुनील सिंघी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन के प्रणेता एवं चेयरमैन प्रदीप मित्तल सहित देशभर से पहुंचे अग्रवाल समाज के प्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी में डॉ. राहुल अग्रवाल को सम्मानित किया गया।
डॉ. राहुल अग्रवाल को मिले इस राष्ट्रीय सम्मान से सूरजपुर सहित पूरे सरगुजा अंचल के अग्रवाल समाज में हर्ष का माहौल है। समाजसेवा के क्षेत्र में उनकी निरंतर सक्रियता और समर्पण को मिली इस उपलब्धि को अन्य सामाजिक कार्यकर्ताओं के लिए भी प्रेरणादायी माना जा रहा है। महाराजा अग्रसेन के आदर्शों और सेवा भावना से जुड़े इस सम्मान ने उनके सामाजिक योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है।

