क्या सच में बीयर पीने से निकल जाती है किडनी की पथरी? जानें इस दावे के पीछे का सच

Follow Us

नई दिल्ली। किडनी स्टोन यानी पथरी आज के समय में एक आम लेकिन बेहद दर्दनाक समस्या बन चुकी है। कई लोग मानते हैं कि बीयर पीने से किडनी स्टोन जल्दी निकल जाता है, इसलिए दर्द होने पर लोग घरेलू उपाय के तौर पर बीयर का सेवन करने लगते हैं। सोशल मीडिया पर भी यह दावा काफी वायरल रहता है। हालांकि डॉक्टरों के अनुसार, बीयर को किडनी स्टोन का इलाज मानना सही नहीं है। कुछ मामलों में ज्यादा तरल पदार्थ लेने से छोटे स्टोन यूरिन के जरिए बाहर निकल सकते हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि बीयर पथरी खत्म कर देती है। अगर आप इस बारे में पूरी डिटेल जानना चाहते हैं तो इस लेख को आखिर तक पढ़ें। आपको बता दें की कई लोगों में यह धारणा है कि बीयर पीने से यूरिन की मात्रा बढ़ती है, जिससे किडनी स्टोन बाहर निकल जाते हैं। दरअसल, बीयर एक डाययूरेटिक की तरह काम कर सकती है, यानी यह पेशाब की मात्रा बढ़ा देती है। इसी वजह से कुछ छोटे स्टोन यूरिन के साथ बाहर निकलने की संभावना रहती है। लेकिन इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि बीयर किडनी स्टोन का इलाज है। मेडिकल रिसर्च में इसे पुख्ता इलाज के रूप में स्वीकार नहीं किया गया है।

वहीं बीयर में मौजूद अल्कोहल शरीर को डिहाइड्रेट कर सकता है, यानी शरीर में पानी की कमी हो जाती है। पानी कम होने से यूरिन गाढ़ा हो सकता है, जिससे किडनी स्टोन बनने की संभावना बढ़ जाती है। इसके अलावा ज्यादा अल्कोहल किडनी पर अतिरिक्त दबाव डालता है, जो लंबे समय में नुकसानदायक हो सकता है। इसलिए बीयर को “इलाज” समझकर पीना गलत माना जाता है। किडनी स्टोन का आकार बहुत मायने रखता है। 4–5 mm तक के छोटे स्टोन अक्सर पर्याप्त पानी पीने और हल्की दवाओं से खुद बाहर निकल सकते हैं। लेकिन बड़े स्टोन (8 mm या उससे अधिक) के लिए मेडिकल ट्रीटमेंट जैसे दवाइयां, लेजर या सर्जरी की जरूरत पड़ सकती है। इसलिए हर केस में इलाज अलग होता है। डॉक्टरों के अनुसार किडनी स्टोन से बचाव का सबसे सुरक्षित तरीका है पर्याप्त मात्रा में पानी पीना, कम नमक और कम ऑक्सलेट वाला आहार लेना। हरी सब्जियां, नींबू पानी और हेल्दी लाइफस्टाइल फायदेमंद मानी जाती है। बिना डॉक्टर की सलाह के किसी भी घरेलू उपाय या शराब जैसे विकल्प पर निर्भर रहना खतरनाक हो सकता है। समय पर जांच और सही इलाज ही सबसे जरूरी है।