नई दिल्ली। आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के निराशाजनक प्रदर्शन के बीच एक नया और बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। पूर्व भारतीय दिग्गज कृष्णमाचारी श्रीकांत ने CSK मैनेजमेंट पर फैंस की भावनाओं के साथ खिलवाड़ करने और उन्हें गुमराह करने का गंभीर आरोप लगाया है।
इस सीजन में महेंद्र सिंह धोनी ने एक भी मैच नहीं खेला, जिससे करोड़ों फैंस का दिल टूट गया। श्रीकांत ने अपने यूट्यूब शो ‘Cheeky Cheeka’ पर मैनेजमेंट की रणनीति को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि, पूरे सीजन कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ और कोच स्टीफन फ्लेमिंग फैंस को भ्रम में रखते रहे। हर मैच से पहले ऐसा माहौल बनाया जाता था कि, धोनी अगले मैच में वापसी कर सकते हैं। सोशल मीडिया पर उनके प्रैक्टिस और ट्रेनिंग के वीडियो लगातार शेयर किए गए, जिसे श्रीकांत ने ‘नॉस्टैल्जिया का गलत इस्तेमाल’ बताया है।
सीजन की शुरुआत में धोनी को थाई मसल इंजरी होने की बात कही गई थी, लेकिन कभी भी कोई स्पष्ट मेडिकल अपडेट नहीं दिया गया। श्रीकांत के मुताबिक, फैंस पोस्ट-धोनी युग को स्वीकार करने के लिए तैयार हैं, बशर्ते उन्हें सच बताया जाए। इस तरह की लुका-छिपी सिर्फ स्टेडियम और स्क्रीन पर दर्शकों की संख्या बनाए रखने की एक सोची-समझी चाल थी। मैदान के बाहर चल रहे इस विवाद का असर टीम के प्रदर्शन पर भी दिखा। पांच बार की चैंपियन CSK लगातार तीसरे साल प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गई है। अपने आखिरी लीग मैच में गुजरात टाइटंस से मिली 89 रनों की करारी शिकस्त के बाद, चेन्नई 14 मैचों में सिर्फ 6 जीत के साथ टूर्नामेंट से विदा होने वाली तीसरी टीम बन गई।
