‘धमाल 4’ की पहली झलक आउट: अजय देवगन ने शेयर किए मजेदार पोस्टर्स, इस दिन थिएटर्स में मचेगा महा-हंगामा

Follow Us

मुंबई। बॉलीवुड के ‘सिंघम’ यानी अजय देवगन ने अपनी मोस्ट अवेटेड कॉमेडी फिल्म ‘धमाल 4’ का पहला कैरेक्टर पोस्टर सोशल मीडिया पर रिलीज कर दिया है। पोस्टर्स के सामने आते ही फैंस के बीच फिल्म को लेकर उत्सुकता सातवें आसमान पर पहुंच गई है। इन मजेदार पोस्टर्स को देखकर साफ है कि इस बार भी बड़े पर्दे पर पहले से कहीं ज्यादा पागलपन, हंगामा और जबरदस्त कॉमेडी का तड़का लगने वाला है।

पोस्टर शेयर करते हुए अजय देवगन ने कैप्शन में लिखा, “इन दोनों का एक ही लक्ष्य है,सोना हासिल करना!” जारी किए गए पोस्टर्स में रितेश देशमुख, अरशद वारसी, संजय मिश्रा और जावेद जाफरी की कमाल की झलक दिखाई गई है, जो अपनी पुरानी यादों को ताजा कर रहे हैं। इस बार फिल्म की स्टारकास्ट में नया ट्विस्ट भी देखने को मिलेगा। पुराने दिग्गजों के साथ-साथ संजीदा शेख, अंजली आनंद, उपेंद्र लिमये, विजय पाटकर और रवि किशन जैसे टैलेंटेड कलाकार भी इस कॉमेडी राइड में हंसी का डबल डोज देते नजर आएंगे।

फिल्म का निर्देशन एक बार फिर कॉमेडी किंग इंद्र कुमार कर रहे हैं, जिन्होंने ‘धमाल’ सीरीज की पिछली सभी ब्लॉकबस्टर फिल्मों को डायरेक्ट किया है। इस फिल्म को टी-सीरीज और देवगन फिल्म्स मिलकर प्रोड्यूस कर रहे हैं। रिपोर्ट्स की मानें तो फिल्म पहले 17 जुलाई को रिलीज होने वाली थी, लेकिन अब खबरें हैं कि इसे एक हफ्ते पहले यानी 10 जुलाई को सिनेमाघरों में उतारा जा सकता है। हालांकि, मेकर्स की तरफ से इस नई रिलीज डेट की आधिकारिक घोषणा होना अभी बाकी है, लेकिन फैंस अभी से ही इस मजेदार पागलपन को थिएटर में देखने के लिए बेताब हैं।