मुंबई। अजय देवगन की फिल्म ‘धमाल 4’ रिलीज के सातवें सप्ताह में भी बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ बनाए हुए है। सिनेमाघरों में कई नई फिल्मों के आने के बावजूद फिल्म की कमाई पूरी तरह थमी नहीं है। हालांकि अब इसकी दैनिक कमाई लाखों रुपये तक सीमित रह गई है। इंद्र कुमार के निर्देशन में बनी ‘धमाल 4’ ने रिलीज के 43वें दिन यानी सातवें शुक्रवार को करीब 1 लाख रुपये का कारोबार किया। सैकनिल्क के आंकड़ों के अनुसार, इसके साथ ही फिल्म का भारत में कुल शुद्ध कलेक्शन बढ़कर 167.67 करोड़ रुपये हो गया है।
फिल्म का भारत में सकल कारोबार करीब 199.09 करोड़ रुपये और दुनियाभर में सकल कलेक्शन लगभग 229.94 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। करीब 150 करोड़ रुपये के बजट में बनी फिल्म ने अब तक अपने बजट से अधिक कमाई कर ली है। ‘धमाल 4’ अब ‘धमाल’ फ्रेंचाइजी की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म भी बन चुकी है। सातवें सप्ताह में फिल्म को ‘आवारापन 2’, ‘बंटवारा 1947’ और अन्य बड़ी फिल्मों से मुकाबला करना पड़ रहा है, इसके बावजूद यह बॉक्स ऑफिस पर लगातार अपनी मौजूदगी बनाए हुए है।
फिल्म के डिजिटल अधिकार नेटफ्लिक्स के पास होने की खबरें हैं और इसके 4 सितंबर को ओटीटी पर आने की उम्मीद जताई जा रही है। हालांकि, निर्माताओं की ओर से अभी इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। फिल्म में अजय देवगन के साथ रितेश देशमुख, अरशद वारसी और संजय मिश्रा समेत कई कलाकार महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आए हैं।
