वीर शिवाजी वार्ड में 40 लाख के विकास कार्यों का लोकार्पण, स्वच्छता का नागरिकों ने लिया संकल्प

Follow Us

रायपुर। पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के वीर शिवाजी वार्ड क्रमांक-16 में रविवार को लगभग 40 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में रायपुर पश्चिम के विधायक राजेश मूणत , महापौर मीनल चौबे , जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान विकास कार्यों के साथ स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता अभियान भी चलाया गया।

इस दौरान गायत्री प्रज्ञा पीठ में अतिरिक्त कक्ष निर्माण , खमतराई बाजार स्थित आंगनबाड़ी एवं प्रथम तल पर जिम भवन निर्माण तथा सतनाम भवन के पास ग्रंथालय और योग कक्ष निर्माण  जैसे महत्वपूर्ण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य तथा सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

कार्यक्रम में गायत्री मंदिर परिसर में उपस्थित नागरिकों ने सामूहिक रूप से स्वच्छता की शपथ ली। सभी ने घर का कचरा नालियों या सार्वजनिक स्थानों पर नहीं फेंकने तथा नगर निगम की डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था का उपयोग करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर विधायक

राजेश मूणत ने कहा कि विकास केवल भवन और सड़क बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों में सामाजिक जिम्मेदारी और जागरूकता विकसित करना भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को आदत बनाकर ही रायपुर को देश के सबसे स्वच्छ शहरों में शामिल किया जा सकता है।

महापौर मीनल चौबे ने भी नागरिकों से स्वच्छता अभियान को जनआंदोलन बनाने की अपील करते हुए कहा कि नगर निगम बेहतर कचरा संग्रहण व्यवस्था उपलब्ध करा रहा है, लेकिन शहर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प दोहराया।