कवर्धा। डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने अपने जन्मदिन के अवसर पर प्रदेशवासियों को स्वच्छता का संदेश देते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल अभियान नहीं, बल्कि स्वस्थ और आत्मनिर्भर समाज की नींव है। विजय शर्मा ने नागरिकों से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 का पालन करने और घर-घर कचरा पृथक्करण को आदत बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिस तरह शौचालय निर्माण अभियान जनभागीदारी से सफल हुआ, उसी तरह अब कचरे के सही निपटान को भी जनआंदोलन बनाना होगा।
जिले की 60 ग्राम पंचायतों में कचरा अलग-अलग रखने की व्यवस्था लागू की गई है। इसके तहत हरे डिब्बे में गीला कचरा, नीले में सूखा कचरा, लाल में खतरनाक अपशिष्ट और काले डिब्बे में ई-वेस्ट रखने के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि, घर से ही कचरे का सही प्रबंधन शुरू होगा, तभी गांव स्वच्छ और बीमारियों से सुरक्षित रहेंगे। प्रशासन द्वारा स्वच्छता दीदियों के माध्यम से गांव-गांव जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। डिप्टी सीएम ने लोगों से अपील की कि, सभी मिलकर “स्वच्छ छत्तीसगढ़, स्वस्थ छत्तीसगढ़” के संकल्प को साकार करने में सहयोग दें।
