बस्तर प्रवास के दूसरे दिन विकास कार्यों का जायजा, डिप्टी सीएम अरुण साव ने दिए निर्देश

Follow Us

रायपुर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अपने चार दिवसीय बस्तर प्रवास के दूसरे दिन कोण्डागांव में विभिन्न विकास और अधोसंरचना परियोजनाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को सभी कार्य गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उप मुख्यमंत्री ने मिशन अमृत 2.0 के तहत निर्माणाधीन जल प्रदाय योजना का निरीक्षण करते हुए 9 एमएलडी क्षमता वाले वाटर ट्रीटमेंट प्लांट की प्रगति की समीक्षा की। लगभग 104 करोड़ रुपये की लागत वाली इस योजना के माध्यम से कोसारटेडा बांध से पानी लाकर कोण्डागांव शहर में घर-घर शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। परियोजना का करीब 85 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। अरुण साव ने कोपाबेड़ा में तालाब सौंदर्यीकरण और अन्य विकास कार्यों का भी निरीक्षण किया। साथ ही कोपाबेड़ा से शिव मंदिर तक निर्माणाधीन सड़क चौड़ीकरण परियोजना और कोण्डागांव-नारायणपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-130डी के निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने बरसात के मौसम में आम लोगों की आवाजाही प्रभावित न हो, इसके लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।