दिल्ली सरकार का बड़ा कदम: प्रवासी मजदूरों को मिलेगा 5 किलो एलपीजी सिलेंडर, केवल ID प्रूफ दिखाना होगा

Follow Us

नई दिल्ली। राजधानी में एलपीजी सप्लाई में परेशानी बढ़ने के बीच दिल्ली सरकार ने प्रवासी मजदूरों के लिए राहत का बड़ा फैसला लिया है। खाद्य एवं आपूर्ति और उपभोक्ता मामले विभाग ने घोषणा की है कि अब प्रवासी मजदूर बिना नियमित एलपीजी कनेक्शन के भी 5 किलो का सिलेंडर प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए केवल वैध पहचान पत्र दिखाना होगा।आपको बता दें की प्रेस वार्ता में अधिकारियों ने बताया कि प्रवासी मजदूर अब आधार कार्ड या अन्य वैध पहचान पत्र दिखाकर 5 किलोग्राम का एलपीजी सिलेंडर प्राप्त कर सकते हैं, भले ही उनके पास नियमित गैस कनेक्शन न हो। यह कदम विशेष रूप से उन लोगों को राहत देने के लिए उठाया गया है, जो अस्थायी रूप से दिल्ली में रह रहे हैं।साथ ही विभाग ने यह भी जानकारी दी कि एलपीजी सप्लाई की निगरानी और लोगों की शिकायतों के समाधान के लिए एक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जहां उपभोक्ता अपनी समस्याएं दर्ज करा सकते हैं।

प्रेस वार्ता के दौरान विभाग के अतिरिक्त आयुक्त अरुण कुमार झा ने बताया कि दिल्ली में करीब 56 लाख घरेलू एलपीजी कनेक्शन हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे यह सुनिश्चित करें कि उनका कनेक्शन सही श्रेणी में पंजीकृत हो, ताकि किसी प्रकार के दुरुपयोग को रोका जा सके। एलपीजी सप्लाई को लेकर स्थिति स्पष्ट करने के साथ ही दिल्ली सरकार ने अब पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) के उपयोग को बढ़ावा देने पर जोर दिया है। खाद्य एवं आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने कहा है कि जहां भी पीएनजी कनेक्शन उपलब्ध हैं, वहां के निवासियों को एलपीजी से पीएनजी पर शिफ्ट हो जाना चाहिए। विभाग ने साफ किया कि यदि उपभोक्ता उपलब्ध होने के बावजूद पीएनजी पर स्विच नहीं करते हैं, तो उनके एलपीजी कनेक्शन पर असर पड़ सकता है। यह कदम गैस वितरण प्रणाली को अधिक सुव्यवस्थित और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से उठाया जा रहा है।

सरकार ने बताया कि पीएनजी के इस्तेमाल को बढ़ावा देने के लिए लक्ष्य भी बढ़ा दिए गए हैं। पहले जहां प्रतिदिन करीब 1000 नए कनेक्शन जोड़े जा रहे थे, अब इस लक्ष्य को बढ़ाकर 3000 कनेक्शन प्रतिदिन कर दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, पीएनजी न केवल सुरक्षित और सुविधाजनक विकल्प है, बल्कि इससे सिलेंडर पर निर्भरता भी कम होगी, जिससे एलपीजी सप्लाई पर दबाव घटेगा और जरूरतमंदों तक गैस की उपलब्धता बेहतर तरीके से सुनिश्चित की जा सकेगी। गुरुवार को कार्रवाई करते हुए अलीपुर और बवाना इलाकों से करीब 100 एलपीजी सिलेंडर जब्त किए गए। अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई अवैध भंडारण और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए की गई। विभाग ने स्पष्ट किया है कि ऐसी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। सरकार ने आम लोगों से भी सहयोग की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि यदि कहीं एलपीजी की जमाखोरी या अवैध बिक्री की जानकारी मिले, तो इसकी सूचना दिल्ली पुलिस को तुरंत दी जा सकती है।

अधिकारियों के मुताबिक, एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग अब बढ़कर करीब 2 लाख प्रतिदिन तक पहुंच गई है। इससे पहले 1 अप्रैल को बुकिंग 1.11 लाख दर्ज की गई थी, जो सामान्य औसत 1.60 लाख से भी कम थी। विभाग ने बताया कि बढ़ती मांग और बैकलॉग बुकिंग के कारण राजधानी के कुछ इलाकों में गैस लेने के लिए लंबी कतारें लगने की सूचनाएं भी सामने आई हैं।विभाग ने इसके लिए दो हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं – 011-23379836 और 8383824659। ये नंबर सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक सक्रिय रहेंगे, जहां आम नागरिक अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि शिकायत मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी और सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।