धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर दीपक बैज का हमला: बोले- PM ने कुर्सी बचाने के लिए लिया फैसला, छात्रों के आंदोलन की जीत

Follow Us

रायपुर। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने इसे नैतिकता नहीं, बल्कि सरकार की मजबूरी का फैसला बताया। उन्होंने कहा कि देशभर में छात्रों के लगातार प्रदर्शन और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के समर्थन के चलते केंद्र सरकार पर दबाव बढ़ा, जिसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपनी कुर्सी बचाने के लिए धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफा लेना पड़ा।

दीपक बैज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी वीडियो संदेश में कहा कि यह इस्तीफा करोड़ों छात्रों और युवाओं के संघर्ष की जीत है। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली के जंतर-मंतर सहित कई शहरों में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान सरकार ने उनकी मांगें सुनने के बजाय लाठीचार्ज कराया। बैज ने कहा कि जब युवाओं ने प्रधानमंत्री से जवाब मांगना शुरू किया और उनके इस्तीफे की मांग उठी, तब सरकार ने दबाव में यह फैसला लिया। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान पर हुई कार्रवाई को देश लंबे समय तक याद रखेगा और यह छात्रों के लोकतांत्रिक आंदोलन की बड़ी जीत है।