रूस के कॉलेज पर भीषण ड्रोन हमला: मौत का आंकड़ा बढ़कर हुआ 18, यूएन ने जताई चिंता

Follow Us

मॉस्को। रूस के लुहांस्क प्रांत के स्टारोबेल्स्क शहर में एक कॉलेज और उसकी डॉरमेट्री (छात्रावास) पर हुए भीषण ड्रोन हमले में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 18 हो गई है। मलबे को हटाने के दौरान दो और शव बरामद होने के बाद इस आंकड़े की पुष्टि हुई। रूस के आपातकालीन स्थिति मंत्रालय के मुताबिक, मलबे के नीचे अभी भी तीन बच्चों के दबे होने की आशंका है। इस हमले में कुल 60 लोग घायल हुए हैं।

रूसी अधिकारियों के अनुसार, यूक्रेन की सेना ने चार फिक्स्ड-विंग यूएवी (ड्रोन) के जरिए इस शैक्षणिक संस्थान को निशाना बनाया। हमले के वक्त हॉस्टल में 14 से 18 साल की उम्र के करीब 86 बच्चे मौजूद थे। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने इस हमले की कड़े शब्दों में निंदा की है।

इस घटना के बाद वैश्विक स्तर पर भी तीखी प्रतिक्रियाएं आई हैं। संयुक्त राष्ट्र (UN) ने हमले की निंदा करते हुए इसे अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार कानून का उल्लंघन बताया है। सुरक्षा परिषद की बैठक में भी यह मुद्दा गरमाया, जहां सदस्य देशों ने युद्ध के दौरान बच्चों, स्कूलों और अस्पतालों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखने की मांग की। वहीं अमेरिका ने भी इस घटना पर चिंता जताते हुए युद्ध को बातचीत से खत्म करने और तुरंत सीजफायर लागू करने पर जोर दिया है।