तड़के 4 बजे शटर तोड़कर 5-7 बदमाश उड़ा ले गए कीमती घड़ियां , टोंक रोड पर स्थित राडो शोरूम में दुस्साहसिक चोरी

Follow Us

जयपुर। शहर के व्यस्त इलाकों में शुमार टोंक रोड पर ग्लास फैक्ट्री के पास स्थित लग्जरी घड़ियों के प्रतिष्ठित शोरूम ‘राडो’ (Rado) में देर रात एक बड़ी और सनसनीखेज चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। रात के अंधेरे में शातिर चोरों ने महज कुछ ही मिनटों में शोरूम को निशाना बनाया और कीमती घड़ियों के स्टॉक पर हाथ साफ कर लिया। गुरुवार सुबह जब आसपास के लोगों ने शोरूम का शटर टूटा हुआ देखा, तो हड़कंप मच गया और घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।

तड़के 4 बजे का वक्त और खौफनाक वारदात पुलिस और स्पेशल कमिश्नर ओम प्रकाश द्वारा दी गई शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह दुस्साहसिक वारदात गुरुवार तड़के करीब 4 बजे अंजाम दी गई। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर सामने आया कि इस घटना में कुल 5 से 7 बदमाश शामिल थे।फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि कैसे दो शातिर बदमाश लोहे की भारी रॉड (नकब) से शोरूम का मजबूत शटर तोड़कर अंदर दाखिल हुए। हैरानी की बात यह थी कि जब वे अंदर तांडव मचा रहे थे, तो उनके कुछ साथी बाहर सड़क पर खड़े होकर लगातार पहरेदारी और निगरानी कर रहे थे।

चंद मिनटों में किया सब कुछ तहस-नहस
शोरूम के अंदर घुसते ही बदमाशों ने तबाही मचा दी। शो-केस, डिस्प्ले रैक, टेबल और स्टोर रूम में सजी एक से बढ़कर एक महंगी और कीमती घड़ियों को उन्होंने तेजी से बोरियों और बैगों में भरना शुरू कर दिया। डिस्प्ले पर सजी चमकती घड़ियां मिनटों में खाली हो गईं। वारदात इतनी तेजी से और पेशेवर तरीके से की गई कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला। घटना के बाद गुरुवार सुबह जब शोरूम का मुआयना किया गया, तो अंदर का पूरा सामान बिखरा हुआ मिला और करोड़ों की ब्रांडेड घड़ियां गायब थीं।

 सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एफएसएल (FSL) टीम को तुरंत मौके पर बुलाया गया, जिसने शोरूम के अंदर से फिंगरप्रिंट और अन्य महत्वपूर्ण तकनीकी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने बदमाशों द्वारा मौके पर ही छोड़ी गई लोहे की रॉड को भी जब्त कर लिया है।स्पेशल कमिश्नर ओम प्रकाश ने बताया कि टोंक रोड और आसपास के इलाकों के तमाम सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि बदमाशों के आने और भागने के रास्तों का पता लगाया जा सके। फिलहाल, शोरूम मालिक की ओर से चोरी गई घड़ियों की कुल संख्या और उनकी सटीक कीमत का मिलान किया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि शहर के इस हाई-प्रोफाइल चोर गिरोह को जल्द ही सलाखों के पीछे पहुंचा दिया जाएगा।