कोरबा। मोबाइल में व्यस्त होकर रेलवे ट्रैक पार करना एक युवक के लिए भारी पड़ गया। मालगाड़ी की चपेट में आने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसका एक पैर कट गया और शरीर पर कई गंभीर चोटें आई हैं। घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, घायल युवक की पहचान रोशन पटेल (22 वर्ष), निवासी बरमपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रोशन कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत पवन टॉकीज फाटक के पास मोबाइल पर बात करते हुए रेलवे ट्रैक पार कर रहा था। इसी दौरान वह तेज रफ्तार से आ रही मालगाड़ी की चपेट में आ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मालगाड़ी के चालक ने युवक को ट्रैक पर देखकर लगातार हॉर्न बजाया और उसे आवाज भी दी, लेकिन मोबाइल में व्यस्त होने के कारण युवक ध्यान नहीं दे पाया और हादसे का शिकार हो गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। वहीं, मौके से युवक का मोबाइल भी बरामद किया गया है।
रेलवे ट्रैक पार करते समय मोबाइल का इस्तेमाल करना कितना खतरनाक हो सकता है, यह घटना इसका एक बड़ा उदाहरण है।
