साउथ इंडियन खाने की बात हो और सांभर का नाम न आए, ऐसा शायद ही कभी होता है। गरमा-गरम इडली, कुरकुरे डोसे, मेदू वड़ा या फिर सादे चावल के साथ परोसा जाने वाला सांभर अपने खास स्वाद और खुशबू के लिए दुनियाभर में पसंद किया जाता है। हालांकि, कई लोगों की शिकायत होती है कि घर पर बनाया गया सांभर रेस्टोरेंट जैसा स्वाद नहीं दे पाता। उसमें वह खुशबू और मसालों का सही संतुलन नहीं आ पाता, जो बाहर मिलने वाले सांभर में होता है।
अगर आप भी अपने घर की रसोई में होटल या साउथ इंडियन रेस्टोरेंट जैसा स्वादिष्ट सांभर बनाना चाहते हैं, तो थोड़ी सी सही सामग्री और आसान तरीके से इसे तैयार कर सकते हैं। इस रेसिपी से बना सांभर न सिर्फ स्वादिष्ट होगा, बल्कि इडली, डोसा और चावल का स्वाद भी कई गुना बढ़ा देगा।
सांभर बनाने के लिए जरूरी सामग्री
रेस्टोरेंट स्टाइल सांभर बनाने के लिए सबसे पहले दाल और सब्जियों का सही संतुलन रखना जरूरी है। इसके लिए आपको चाहिए—
0 1 कप अरहर दाल
0 सहजन, कद्दू, गाजर और लौकी जैसी सब्जियां
0 छोटे प्याज
0 टमाटर
0 इमली का पल्प
0 सांभर मसाला
0 हल्दी, नमक और कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर
0 थोड़ा सा गुड़ (स्वाद के अनुसार)
सांभर बनाने की आसान विधि
सबसे पहले एक कप अरहर दाल को अच्छी तरह धो लें। इसके बाद इसे कुकर में डालकर इसमें आधा चम्मच हल्दी, थोड़ा सा नमक और करीब तीन कप पानी डालें। अब दाल को तीन से चार सीटी आने तक पकाएं। कुकर का प्रेशर निकलने के बाद दाल को अच्छी तरह मैश कर लें, ताकि इसका टेक्सचर स्मूथ हो जाए।
अब एक बड़ी कड़ाही या पतीले में थोड़ा तेल गर्म करें। इसमें छोटे प्याज डालकर हल्का भूनें। जब प्याज नरम हो जाए तो इसमें कटे हुए टमाटर और सभी सब्जियां डाल दें। इसमें थोड़ा नमक और पानी डालकर ढक दें और सब्जियों को मध्यम आंच पर नरम होने तक पकाएं।
सब्जियां पकने के बाद इसमें इमली का पल्प, सांभर मसाला और कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर डालें। स्वाद को बेहतर बनाने के लिए इसमें थोड़ा गुड़ भी डाल सकते हैं। गुड़ सांभर में हल्की मिठास लाकर इसके स्वाद को और बढ़ा देता है।
अब इसमें मैश की हुई दाल डालकर अच्छी तरह मिला लें। अगर सांभर ज्यादा गाढ़ा लगे तो इसमें थोड़ा गर्म पानी मिलाया जा सकता है। इसके बाद इसे धीमी आंच पर करीब 8 से 10 मिनट तक पकने दें, ताकि दाल, सब्जियों और मसालों का स्वाद अच्छी तरह मिल जाए।
तड़का बढ़ाएगा सांभर का स्वाद
सांभर का असली स्वाद बढ़ाने के लिए इसका तड़का सबसे जरूरी होता है। इसके लिए एक छोटे पैन में घी या तेल गर्म करें। इसमें राई डालें और चटकने के बाद सूखी लाल मिर्च, हींग और कढ़ी पत्ता डाल दें। जब कढ़ी पत्ता हल्का कुरकुरा हो जाए तो इस तड़के को तैयार सांभर में डाल दें और बर्तन को कुछ मिनट के लिए ढक दें।
इससे तड़के की खुशबू पूरे सांभर में अच्छी तरह मिल जाएगी और स्वाद बिल्कुल रेस्टोरेंट जैसा महसूस होगा।
तैयार है स्वादिष्ट साउथ इंडियन स्टाइल सांभर
गरमा-गरम सांभर को इडली, डोसा, मेदू वड़ा या चावल के साथ परोस सकते हैं। इसे बनाने में ज्यादा मेहनत नहीं लगती और करीब 45 मिनट में स्वादिष्ट सांभर तैयार हो जाता है। सही मसालों और तड़के के इस्तेमाल से घर पर भी ऐसा सांभर बनाया जा सकता है, जिसका स्वाद किसी रेस्टोरेंट से कम नहीं होगा।
