Crime News: मनेन्द्रगढ़ में नाले से युवक का शव मिलने से सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

Follow Us

एमसीबी। प्रदेश के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के मनेन्द्रगढ़ शहर के वार्ड नंबर 14 में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब शारदा मंदिर के पीछे रेलवे लाइन के किनारे स्थित नाले में एक युवक का शव बरामद हुआ। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। घटना को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। स्थानीय लोगों ने नाले में शव पड़े होने की सूचना तत्काल पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को नाले से बाहर निकलवाया।

CG पुलिस की नई पहल: अब हर हफ्ते थाने में बैठेंगे एसपी, मौके पर सुनेंगे शिकायतें

शव बाहर निकालने के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने मृतक की पहचान करने का प्रयास किया। कुछ देर की पूछताछ और जानकारी जुटाने के बाद मृतक की पहचान राकेश यादव के रूप में हुई। युवक की पहचान होने की जानकारी परिजनों को दी गई, जिसके बाद परिवार में मातम पसर गया। फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए अस्पताल भेज दिया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

CG News: 20 साल की गौरवगाथा! सीआरपीएफ 195वीं बटालियन ने शहीदों को किया नमन

पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि युवक की मौत दुर्घटनावश नाले में गिरने से हुई, उसने आत्महत्या की या फिर मामला हत्या से जुड़ा है। घटनास्थल के आसपास की परिस्थितियों की भी बारीकी से जांच की जा रही है। सिटी कोतवाली पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि राकेश यादव को आखिरी बार कब और कहां देखा गया था। घटनास्थल के आसपास उपलब्ध साक्ष्यों और अन्य तथ्यों को भी जांच में शामिल किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट और जांच के बाद ही युवक की मौत की वास्तविक वजह सामने आएगी।

बांगो बांध मार्ग की बदहाली पर फूटा गुस्सा, सड़क पर उतरे ग्रामीण