न्यूयॉर्क। अमेरिका में डीजल की खुदरा कीमतों में तेजी के बीच राष्ट्रीय औसत कीमत ने नया रिकॉर्ड बना दिया है। कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और देश के रिफाइनिंग क्षेत्र में क्षमता की कमी को इसकी प्रमुख वजह माना जा रहा है। ईंधन बचत प्लेटफॉर्म ‘गैस-बडी’ के आंकड़ों के अनुसार, गुरुवार दोपहर अमेरिकी डीजल की राष्ट्रीय औसत कीमत बढ़कर 5.820 डॉलर प्रति गैलन हो गई।
नई कीमत ने जून 2022 में दर्ज 5.819 डॉलर प्रति गैलन के पिछले सर्वकालिक रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। डीजल की कीमत में यह बढ़ोतरी ऐसे समय हुई है जब कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और रिफाइनिंग क्षमता से जुड़ी चुनौतियां अमेरिकी ईंधन बाजार पर दबाव बनाए हुए हैं।
