सूरजपुर। जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 वाहनों को जब्त किया है। जिला स्तरीय टास्कफोर्स और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने पिछले दो दिनों में अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर यह कार्रवाई की। जानकारी के अनुसार, सूरजपुर तहसील के पचिरा-मानी चौक मार्ग पर विशेष जांच अभियान के दौरान ग्राम बेलटिकरी के पास अवैध रूप से कोयला परिवहन कर रही 6 बाइक पकड़ी गईं। कार्रवाई के दौरान करीब 5 टन कोयला जब्त किया गया, जिसे आगे की प्रक्रिया के लिए पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
इसके अलावा ग्राम राजापुर, हर्राटिकरा और आसपास के क्षेत्रों में जांच के दौरान अवैध रेत परिवहन कर रहे 3 टिपर वाहन जब्त किए गए। वहीं 8 जून को राजापुर रेत खदान क्षेत्र में औचक निरीक्षण के दौरान 2 और टिपर पकड़े गए, जिन्हें जयनगर थाना की निगरानी में रखा गया है। खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अवैध खनन और परिवहन के मामलों में जिले में जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई की जा रही है। संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी, वाहन जांच और औचक निरीक्षण अभियान चलाए जा रहे हैं। प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन या भंडारण की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित विभाग या स्थानीय प्रशासन को सूचित करें, ताकि समय पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
