कबीरधाम। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पिपरिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 31 पाव देशी प्लेन शराब बरामद की। इसके साथ ही शराब परिवहन में इस्तेमाल की जा रही एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
पुलिस के मुताबिक, 9 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति अवैध रूप से शराब लेकर कान्हाभैरा की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक नितिन कुमार तिवारी के नेतृत्व में टीम ने कॉलेज रोड नहर स्थित पानी टंकी के पास घेराबंदी की। संदिग्धों को रोककर तलाशी लेने पर उनके पास से 5.580 बल्क लीटर शराब मिली।
कोरबा फार्म हाउस में चोरी, टीवी-फ्रिज के साथ जर्मन शेफर्ड के 6 पिल्ले गायब
पुलिस ने आरोपियों की पहचान सनत निर्मलकर (39) और मनोज चंद्रवंशी (38), दोनों निवासी कान्हाभैरा, के रूप में की है। जब्त शराब की कीमत करीब 2,480 रुपये और मोटरसाइकिल की कीमत लगभग 30 हजार रुपये बताई गई है। दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस ने कहा कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
